आंवला। नवरात्र में माहौल बिगाड़ने की मंशा से आरोपियों ने बृहस्पतिवार को मोहल्ला ताड़गंज में कोल्ड स्टोर के पीछे स्थित मंदिर में देवी की प्रतिमा को क्षतिग्रस्त कर दिया। सूचना पर बड़ी संख्या में लोग जुट गए। हिंदूवादी संगठनों के लोग भी पहुंच गए। मामले में श्रद्धालु सुशील कुमार श्रीवास्तव की तहरीर पर रिपोर्ट दर्ज की गई है।
जिस इलाके में घटना हुई वह मिश्रित आबादी वाला है। यादवों वाली पुलिया के पास रहने वाली महिला शाम के समय जब पूजा करने पहुंची तो प्रतिमा क्षतिग्रस्त मिली। स्थानीय लोगों ने बताया कि किसी असामाजिक तत्व ने कस्बे का माहौल खराब करने के लिए प्रतिमा को खंडित किया है। इस पर बड़ी संख्या में लोग जुट गए। उन्होंने प्रदर्शन शुरू कर दिया।
जानकारी मिलते ही मौके पर पुलिस बल के साथ एसडीएम, सीओ व कोतवाल पहुंच गए। मौके पर पहुंचे हिंदू जागरण मंच, विहिप, अंतरराष्ट्रीय हिंदू परिषद, बजरंग दल के कार्यकर्ताओं ने पुलिस से मामले में निष्पक्ष जांच की मांग की। पुलिस ने समझाकर आक्रोशित लोगों को शांत कराया। एहतियातन भमोरा थाने से भी फोर्स बुलाई।
पुलिस ने जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार करने का आश्वासन दिया है। स्थानीय लोगों ने बताया कि जिस प्रतिमा को क्षतिग्रस्त किया गया है, उसे नवरात्र के पहले दिन ही स्थापित किया गया था। पुलिस ने दो टीमें गठित कर आसपास के कई संदिग्ध लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है।
प्रदर्शन करने वालों में पूर्व चेयरमैन संजीव सक्सेना, रामवीर प्रजापति, सुनील गुप्ता, दिनेश मौर्य, अनुपम शंखधार, हिमांशु सोलंकी, प्रेमपाल सोलंकी, दुर्गेश सक्सेना, आशीष हिंदू, विमल त्रिपाठी, शक्ति सिंह आदि शामिल रहे। रात में पूर्व चेयरमैन की ओर से प्रतिमा स्थापित करने की प्रक्रिया शुरू करा दी गई।
वर्जन :
तहरीर के आधार पर रिपोर्ट दर्ज करने के साथ ही सर्विलांस टीमें लगाई गई हैं। कई संदिग्धों को हिरासत में भी लिया गया है। इनसे पूछताछ हो रही है। माहौल खराब करने वालों को बख्शा नहीं जाएगा। - नितिन कुमार, सीओ