भड़सर। लभेड़ा उर्फ बुलंद नगर गांव में कुछ लोगों ने धर्मस्थल की भूमि पर कब्जा करने का प्रयास किया। उन्होंने धर्मस्थल का दरवाजा भी ईंटों से बंद कर दिया। विरोध करने पर धमकी दी। इसका वीडियो भी वायरल हो रहा है। गांव पहुंची टीम ने दीवार हटाकर नया दरवाजा लगवाया। गांव में एहतियातन पुलिस टीम तैनात कर दी गई है।
गांव वालों ने बताया कि उनके ही समुदाय के कुछ खुराफाती लोग गांव स्थित धर्मस्थल पर लंबे समय से कब्जे की कोशिश कर रहे हैं। दो दिन पहले उन्होंने ईंटों से दरवाजा बंद करना शुरू कर दिया। कुछ लोगों ने जब इसका विरोध किया तो वह झगड़े पर उतारू हो गए। आरोपियों ने अपशब्दों का प्रयोग करते हुए धमकी दी। मुख्यमंत्री के खिलाफ भी टिप्पणी की। गांव वालों ने इसका वीडियो बनाकर वायरल कर दिया।
पुलिस अधिकारियों को भी यह वीडियो भेजा गया। वीडियो का संज्ञान लेकर इंस्पेक्टर चेतराम वर्मा, चौकी इंचार्ज नवीन कुमार गांव पहुंचे। पुलिस को देखकर आरोपी फरार हो गए। टीम ने ईंटों को हटाने के साथ क्षतिग्रस्त दरवाजे को हटाकर यहां नया दरवाजा लगवाया। इंस्पेक्टर चेतराम वर्मा ने बताया कि वीडियो दो दिन पुराना है। आरोपियों की तलाश की जा रही है।