फरीदपुर। मोहल्ला तकिया निवासी शबनम को ससुरालीजनों ने जहरीला पदार्थ खिलाकर जान से मारने की कोशिश की। चीखपुकार सुनकर पड़ोस में रह रही बहन पहुंच गई और शबनम को बचाया। इसके बाद अस्पताल में उपचार कराने के बाद दस लोगों के खिलाफ दहेज मांगने और जान से मारने की कोशिश की रिपोर्ट दर्ज कराई है।
शबनम ने पुलिस को बताया कि उसकी शादी 11 जनवरी 2023 को फरीदपुर नगर के मोहल्ला तकिया निवासी मोहम्मद इस्लाम के साथ हुई थी। शादी के बाद से ससुरालीजन दहेज के लिए उत्पीड़न करने लगे। 7 अगस्त 2023 को जलाकर मारने की कोशिश की गई। वह किसी तरह से जान बचाकर पड़ोस में रह रही अपनी बहन के घर पहुंच गई। कुछ दिनों बाद समझौता होने पर ससुरारीजन उसे अपने साथ ले गए। 14 अगस्त को ससुरालीजनों ने शबनम को जहरीला पदार्थ खिलाकर जान से मारने की कोशिश की। पीड़ित के चिल्लाने पर पड़ोस में रहने वाली उसकी बहन पहुंच गई और उसे अस्पताल ले गई। इसके बाद फरीदपुर थाने में पति मोहम्मद इस्लाम, सास नवाबजादी, जेठ कल्लू, मोहम्मद सफी, जेठानी तबस्सुम, हसीना, गुड़िया, फरजाना, रुखसाना व रुखसार के खिलाफ दहेज मांगने एवं जान से मारने की कोशिश का मुकदमा दर्ज कराया है। संवाद