ग्राम बड़ागांव निवासी महिला व उसके मायके वालों पर लगाया आरोप
बरखन। क्षेत्र के ग्राम बड़ागांव निवासी उर्मिला पत्नी रोशन लाल ने थाने में तहरीर देकर अपने पुत्र उमा चरण को जान से मारने की कोशिश किए जाने का गंभीर आरोप ससुरालीजनों पर लगाया है। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।
पीड़िता के अनुसार, उसके पुत्र उमा चरण की शादी करीब पांच वर्ष पूर्व थाना नवाबगंज के ही एक गांव निवासी युवती से हुई थी। आरोप है कि शादी के बाद से ही पत्नी जमीन अपने नाम कराने का दबाव बनाती रही, जिसको लेकर झगड़ा करती थी और अक्सर मायके चली जाती थी। उर्मिला का आरोप है कि उसकी पुत्रवधू के पिता भी उसकी पुत्री को लगातार उकसाते रहते थे।
बीते दिन उसके पिता ने फोन कर उमा चरण को बुलाया और पत्नी को वापस ले जाने को कहा। इस पर उमा चरण अपनी पत्नी को लेने ससुराल गया। आरोप है कि ससुरालीजनों ने उसके साथ मारपीट की और जान से मारने की नीयत से उसे जहरीला पदार्थ खिला दिया। इसके बाद रात में ही उसे मरा समझकर ग्राम बड़ागांव के पास चक मार्ग पर फेंक कर भाग गए। ग्रामीणों की मदद से उसे अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उसकी हालत गंभीर बनी हुई है।
कोतवाल अरुण कुमार श्रीवास्तव ने बताया कि तहरीर के आधार पर मामले की जांच की जा रही है। युवक का मेडिकल परीक्षण कराया गया है। रिपोर्ट के आधार पर विधिक कार्रवाई की जाएगी। संवाद