बरेली। ठगों ने जिला डीएसपी बताकर मारपीट और छेड़खानी का मुकदमे दर्ज कराने वाली महिलाओं को कॉल की। उन्होंने आरोपियों को जेल भिजवाने की बात कहकर ऑनलाइन रुपये भेजने के लिए कहा। महिलाओं ने पुलिस से ठगों की शिकायत की है। एक आरोपी की लोकेशन मध्यप्रदेश के टीकमगढ़ की मिली है।
बारादरी थाना क्षेत्र की महिला ने कथित पत्रकार प्रवीन शंखधार के खिलाफ कुछ दिन पहले बारादरी थाने में मारपीट और छेड़खानी की रिपोर्ट दर्ज कराई थी। रविवार सुबह महिला के नंबर पर एक कॉल आई। कहा कि वह बरेली का जिला डीएसपी बोल रहा है। शख्स ने घटना के बारे जानकारी ली और कहा कि बाबाजी की सरकार है। आरोपी का एनकाउंटर करने में ज्यादा समय नहीं लगेगा। इसके बाद ठग ने आरोपी को छह साल के लिए जेल भिजवाने की बात कही और उसका नार्को टेस्ट कराने की कहने लगा।
नार्को टेस्ट की फाइल बनाने के लिए महिला से सात हजार रुपये ऑनलाइन ट्रांसफर कराने के लिए कहा। महिला ने कहा कि वह उस अधिकारी से मिलकर रुपये दे देगी तो कॉल करने वाले ने कहा कि जिला डीएसपी बहुत पॉवर का पद है, हर आम आदमी सीधे नहीं मिल सकता। ये फीस सरकारी वकील के पास जाएगी जिससे फाइल तैयार होगी।
-
रिकाॉर्डिंग सुनकर सीओ तृतीय ने शुरू कराई जांच
- शक होने पर महिला ने जमात रजा ए मुस्तफा संगठन के सदस्य मोईन खान को इस बारे में बताया। उन्हें ठग से आई कॉल की रिकॉर्डिंग भेजी। मोईन खान ने सीओ तृतीय अनीता चौहान को सूचना दी। सीओ ने साइबर सेल प्रभारी को बुलाकर संबंधित नंबर की जांच पड़ताल कराने का निर्देश दिया।
-
पुलिस के एप से डाटा निकाल रहे शातिर
- प्रारंभिक जांच में पता लगा है कि दूर प्रांतों में बैठे शातिर ठग पुलिस के एप से मुकदमे की जानकारी हासिल कर रहे हैं। मुकदमे में वादी का नंबर और आरोपी के बारे में लिखा होता है। ठग पूरी जानकारी हासिल कर वादी के नंबर पर कॉल कर आरोपी को गिरफ्तार करने की बात कहकर वसूली की कोशिश कर रहे हैं।
-
इसी नंबर से दूसरी पीड़िता को आई कॉल
- महिला को जिस नंबर से ठग ने कॉल की तो उसी नंबर से वीर सावरकर नगर निवासी पीड़िता को भी फोन किया गया था। युवती ने ससुरालवालों के खिलाफ इज्जतनगर थाने में तीन दिन पहले दहेज एक्ट व अन्य धाराओं में मुकदमा दर्ज कराया था। युवती के पास कॉल कर ठग ने आरोपियों को 24 घंटे के अंदर जेल भिजवाने की बात कही। हालांकि बरेली जिला डीएसपी बताने और ठग की भाषा पर पीड़िता को शक हो गया। इसके बाद उन्होंने ठग के नंबर को ब्लॉक कर दिया।
-
वर्जन
- पीड़िता को कॉल करने वाले ठग के खिलाफ जांच कर कार्रवाई की जाएगी। प्रारंभिक जांच में पता लगा कि कॉल मध्यप्रदेश के टीकमगढ़ से की गई है। टीम आरोपी का पता लगाने में जुटी है। पीड़ितों को ऐसी किसी कॉल या मेसेज से प्रभावित नहीं होना चाहिए, पुलिस विभाग का कोई अधिकारी-कर्मचारी इस तरह की कॉल कभी नहीं करता है। - अनीता चौहान, सीओ तृतीय