बरेली में साइबर ठगों ने इस बार आंवला सांसद धर्मेंद्र कश्यप के नाम से फर्जी फेसबुक आईडी बनाकर उनके परिचितों को मैसेज किए। परिचितों की सक्रियता से मामला खुला तो एसएसपी से शिकायत की गई है। साइबर सेल ने जांच शुरू कर दी है।
ठग ने सांसद का फोटो लगाकर उन्हीं के नाम से आईडी बनाई है। वह लोगों को मेसेज भेजकर बता रहा है कि संतोष शर्मा नाम के सीआरपीएफ अधिकारी उसके दोस्त हैं। उनका ट्रांसफर हो गया है। वह अपना सामान बेचकर जाना चाहते हैं। वह चाहें तो संपर्क कर लें, बेहद कम दाम पर काफी घरेलू सामान मिल जाएगा।
कुछ लोगों ने इसे सांसद की आईडी समझकर मिलने की इच्छा जाहिर की तो दूसरी ओर से कहा गया कि अभी बरेली में हूं लेकिन दो दिन के लिए बाहर जा रहा हूं। सांसद के मीडिया प्रभारी राहुल कश्यप ने बताया कि गनीमत रही कि अभी तक कोई ठगी का शिकार नहीं हुआ है।
ये भी पढ़ें- UP: रिश्वत के रुपयों को लेकर चौकी में भिड़े यूपी पुलिस के सिपाही, जमकर काटा बवाल; हिस्सा न मिलने पर बिगड़ी बात
सांसद ने पोस्ट डालकर और लोगों को मैसेज कर किसी को भी रुपये ट्रांसफर करने से मना किया है। सांसद इस समय दिल्ली में हैं। इस संबंध में उन्होंने भाजपा मुख्यालय को भी सूचित किया है। राहुल के मुताबिक उन्होंने फोन पर एसएसपी को मामले की जानकारी दी तो साइबर सेल को जांच सौंप दी गई है।