फोटो..
प्रेमनगर में एटीएम काटने
की कोशिश, 4 गिरफ्तार
- कर्फ्यू के दौरान हरियाणा के बदमाश ने गैंग के साथ की वारदात, पुलिस पर किया फायर
- कटर, तमंचा, चाकू और मोबाइल बरामद, फरीदपुर का बदमाश फरार
अमर उजाला ब्यूरो
बरेली। हरियाणा के एक बदमाश ने अपने गैंग के साथ प्रेमनगर में शुक्रवार रात कर्फ्यू के दौरान दो एटीएम काटने की कोशिश की। एक होमगार्ड ने उन्हें एटीएम काटते देख शोर मचाया तो भाग निकले। पीछे लगी पुलिस पर फायर भी कर दिया लेकिन इसके बावजूद पुलिस ने घेराबंदी कर चार को पकड़ लिया गया। एक बदमाश भागने में सफल हो गया।
शुक्रवार रात करीब तीन बजे प्रेमनगर में नैनीताल रोड पर गुलाब राय इंटर कॉलेज के सामने स्थित पंजाब नेशनल बैंक के एटीएम को चार बदमाशों ने काटने की कोशिश की। दो बदमाश कटर वगैरह लेकर अंदर घुसे और दो बाइक लेकर बाहर खड़े रहे। एसएसपी रोहित सिंह सजवाण ने बताया कि कुछ दूरी पर ड्यूटी कर रहे थाना प्रेमनगर के होमगार्ड जोरावर ने बदमाशों को देखकर शोर मचाया तो वे भागने लगे। इत्तफाक से इसी बीच सब इंस्पेक्टर अमर सिंह, विजयपाल सिंह, कांस्टेबल विनीत और कौशिंद्र कुमार गश्त करते हुए उधर पहुंचे तो उन्होंने बदमाशों का पीछा शुरू कर दिया। बदमाशों ने तमंचे से फायर भी किया लेकिन पुलिस ने घेराबंदी कर चार बदमाश पकड़ लिए।
पूछताछ में आरोपियों ने अपने नाम हरियाणा में जिला मेवात के कस्बा नूह निवासी युवराज, फिरोजाबाद के मोहल्ला हुसैनी निवासी तालिब अली, करगैना का दीपक शर्मा और मढ़ीनाथ निवासी आलोक मिश्रा बताया। फरीदपुर के मोहल्ला मिर्धान निवासी उनका साथी अमन उर्फ अजमेरी भाग गया। उस पर बारादरी, कोतवाली, फरीदपुर आदि थानों में करीब एक दर्जन मुकदमे दर्ज हैं। पकड़े गए बदमाशों के कब्जे से पुलिस ने कटर, तमंचा-चाकू, तीन मोबाइल, दो बैग और एक बाइक बरामद की है।
सीसीटीवी कैमरे पर लगा दी मिट्टी
इंस्पेक्टर प्रेमनगर अवनीश यादव के मुताबिक, बदमाशों ने पूछताछ में बताया है कि पंजाब नेशनल बैंक का एटीएम काटने से पहले वे कुछ दूरी पर स्थित एक्सिस बैंक का एटीएम काटने पहुंचे थे। वहां सीसीटीवी कैमरे की रिकार्डिंग में आने से खुद को बचाने के लिए कैमरे पर मिट्टी लगा दी लेकिन किसी कारणवश एटीएम नहीं काट सके। इसके बाद पंजाब नेशनल बैंक के एटीएम पर पहुंचे थे।
15 लाख लूटने का था प्लान
कॉल रिकॉर्ड में मिले सबूत
पुलिस के मुताबिक गैंग का सरगना युवराज काफी शातिर है। वह अपने साथ मोबाइल या पहचान का कोई सबूत नहीं रखता है। मगर उसके दूसरे साथी के मोबाइल में इस लूट की प्लानिंग से संबंधित कॉल की रिकार्डिंग मिली है, इसमें वह एटीएम काटने और 15 लाख रुपये लूटने की बात कह रहा है।
एमबीबीएस कर रही गर्लफ्रेंड के
चक्कर में बन गया एटीएम लुटेरा
- दिल्ली से ट्रेवल्स एंड टूरिज्म का कोर्स कर चुका है युवराज
- फिरोजाबाद का तालिब है 12वीं का छात्र, जबकि दीपक बीकॉम पास
- आलोक कर रहा ग्रेजुएशन की पढ़ाई, निजी बीमा कंपनी में करता है काम
अमर उजाला ब्यूरो
बरेली। फरीदपुर के फरार बदमाश अजमेरी को छेड़कर बाकी पकड़े गए चारों बदमाशों में से किसी का पुलिस को अब तक कोई आपराधिक रिकॉर्ड नहीं मिला है। गैंग लीडर युवराज दिल्ली से ट्रेवल्स एंड टूरिज्म का कोर्स कर चुका है। उसका भाई उत्तराखंड में ठेकेदारी करता है। युवराज एमबीबीएस कर रही अपनी गर्लफ्रेंड के चक्कर में एटीएम लुटेरा बन गया।
युवराज ने बताया कि उसकी गर्लफ्रेंड बरेली के एक मेडिकल कॉलेज से एमबीबीएस की पढ़ाई कर रही है। गर्लफ्रेंड अब उससे बात नहीं करती लेकिन वह उसे भुला नहीं पाया और अक्सर उसे देखने बरेली आता-जाता रहता है। इसके लिए रुपयों की जरूरत होती है। इसके चलते उसने एटीएम काटने की योजना बनाई। फिरोजाबाद के तालिब अली ने बताया कि वह 12वीं का छात्र है। कुछ दिन बाद ही उसकी परीक्षा होने वाली है। कुछ दिन पहले ही वह युवराज के संपर्क में आया था। युवराज उसे अपनी गर्लफ्रेंड से मिलवाने की बात कहकर बरेली लाया था और यहां एटीएम काटने की योजना बना ली। सुभाषनगर के आलोक मिश्रा और दीपक शर्मा युवराज को बरेली में घूमने के दौरान मिले थे, जो रुपयों के लालच में उसके साथ आ गए। दीपक ने बताया कि वह बीकॉम कर चुका है। उसके पिता प्रॉपर्टी डीलर हैं। आलोक मिश्रा ग्रेजुएशन की पढ़ाई कर रहा है और एक निजी बीमा कंपनी में काम करता है। पुलिस के मुताबिक युवराज को छोड़कर इस गैंग के बाकी तीन सदस्य नौसिखिये हैं। वे युवराज की बातों में आकर वारदात में शामिल हो गए। फिर भी उनका आपराधिक इतिहास तलाशा जा रहा है।