हाफिजगंज। ऋण दिलाने के बहाने ठगी करने की कोशिश के मामले में छह माह बाद चार लोगों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई गई है। थाना हाफिजगंज के गांव अहमदाबाद निवासी भवनेश कुमार ने कहा कि पिछले साल एक दिसंबर को एक व्यक्ति जिसने अपना नाम आसिफ अकरम बताया। वह उनके निवास ओशी बैंक्वेट एवं लान स्थित सौ फुटा रोड तुलाशेरपुर थाना इज्जतनगर पर आया और स्वयं को एक प्रतिष्ठित कंपनी का अधिकारी बताया।
ऋण दिलाने के नाम पर उसके जरूरी कागजात, दस्तावेज, दो चेक आदि ले लिए। इसमें एक चेक पर कैंसिल तो दूसरे चेक पर हस्ताक्षर करवाकर 249 रुपये भरकर ले गया। पिछले साल चार दिसंबर को बैंक से मेसेज प्राप्त हुआ कि एक लाख 98 हजार रुपये उनके खाते से कट गए। इसको देखकर उन्होंने आसिफ अकरम एवं उसने जिन जिन अधिकारियों से फोन पर बात कराई, उनसे संपर्क किया, लेकिन सभी के नंबर बंद मिले।
वह इसके बाद बैंक पहुंचे तो उन्हें जानकारी हुई कि उनके खाते से 1.98 लाख रुपये मो. शहादत अंसारी एचडीएफसी बैंक शाखा वेस्ट बंगाल के खाता में ट्रांसफर हुए। उन्होंने शिकायत कर धनराशि को खाते में होल्ड कराकर साइबर क्राइम पर शिकायत की। अब छह माह पुलिस ने आसिफ अकरम, शहादत, एसपी गुप्ता, संजीव कुमार के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की है। संवाद