बारादरी थाना क्षेत्र के मोहल्ला बुखारपुरा में 17 हमलावर दरवाजा तोड़कर घर में घुस गए। अंदर तोड़फोड़ की और एक युवक को पीटकर अधमरा कर दिया। घायल का निजी अस्पताल में इलाज चल रहा है। पुलिस ने मामले में सात नामजद और 10 अज्ञात के खिलाफ बलवा समेत अन्य धाराओं में रिपोर्ट दर्ज की है।
बारादरी थाना क्षेत्र के चक महमूद निवासी रफत खां ने पुलिस को बताया कि 12 अप्रैल की रात उसकी बहन का बेटा बुखारपुरा निवासी अंशु अपने घर पर सो रहा था। आरोप है कि रात नौ बजे मोहल्ले के ही सोनू, घनश्याम, पप्पू माली, विक्की, केशव, चौधरी, विक्की कुमार व 10 अज्ञात लोग दरवाजा तोड़कर घर में घुस आए। आरोपियों ने उसके भांजे के साथ गाली-गलौज करते हुए लाठी-डंडों व लात-घूंसों से पीटना शुरू कर दिया। घर में भी तोड़फोड़ की।
लोहे की रॉड से अंशु पर जानलेवा हमला किया। बाद में उसको मरा हुआ समझकर छोड़ गए। अंशु का रामपुर गार्डन के एक निजी अस्पताल में इलाज चल रहा है। उसकी हालत गंभीर है। इंस्पेक्टर विजेंद्र सिंह ने बताया कि सात नामजद और 10 अज्ञात के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है। आरोपियों की तलाश की जा रही है।