भोजीपुरा। गांव भीकमपुर माफी में रंजिश के चलते एक परिवार पर जानलेवा किया गया। हथियारबंद आरोपियों ने दिनदहाड़े बाल काटने की दुकान में घुसकर हमला और पथराव किया। इसमें दो बुजुर्ग गंभीर रूप से घायल हो गए हैं। उन्हें जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
थाने में दर्ज रिपोर्ट के अनुसार, विवाद का कारण मोबाइल फोन चोरी की शिकायत थी। रिजवान अली ने बताया कि दो अप्रैल को गांव के सलीम ने उनके चचेरे भाई का मोबाइल फोन चुराया था। रिजवान ने डायल 112 पर सूचना दी तो सलीम ने फोन वापस कर दिया था। इसी शिकायत को लेकर आरोपी पक्ष पीड़ित परिवार से रंजिश मानने लगा था। 23 अप्रैल की सुबह 9:30 बजे रिजवान अपने घर के बाहर खड़े थे, तभी आरिफ, शबाना, आमीन, नन्हे, महरुद्दीन, हसीन बानो और नन्हे कोटेदार उनके भाई की दुकान में घुस आए।
आरोप है कि जब रिजवान के पिता खैबर अली और चाचा शाहिर अली ने उन्हें रोका, तो आरोपियों ने लाठी-डंडों और धारदार हथियारों से हमला कर दिया। आरोपी आरिफ ने खैबर अली के सिर पर धारदार हथियार से वार किया। नन्हे कोटेदार ने शाहिर अली के सिर पर लाठी मारकर उन्हें घायल कर दिया और हाथ भी तोड़ दिया। घटना के दौरान जमकर पथराव हुआ। चीख-पुकार सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे, जिसके बाद आरोपी जान से मारने की धमकी देते हुए भाग गए।
थाना प्रभारी राजीव कुमार ने बताया कि रिजवान की तहरीर पर सभी सात आरोपियों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की गई है। घायलों का उपचार जिला अस्पताल में किया जा रहा है।