इस्लामनगर (बदायूं)। इस्लामनगर थाना पुलिस ने कांवड़ियों पर हमला करने वाले मुख्य आरोपी समेत तीन उपद्रवियों को दबोच लिया है। तीनों की पहचान सीसीटीवी फुटेज से हुई है। पुलिस ने तीनों को बलवा, धार्मिक भावनाओं को ठेस पहुंचाने, पथराव और लूटपाट करने के आरोप में जेल भेज दिया है। कुछ अन्य उपद्रवी चिह्नित कर लिए गए हैं। उनकी गिरफ्तारी भी जल्द हो सकती है।
इंस्पेक्टर अनिल कुमार सिरोही ने बताया कि बहजोई बस स्टैंड के सामने गली में रहना वाला आलम उर्फ गौरा पुत्र अनवार मुख्य आरोपी है। जिस समय कांवड़िया ईदगाह के सामने से गुजर रहे थे, तभी आलम कांवड़ियों के ट्रैक्टर-ट्रॉली के आगे खड़ा हो गया था और पथराव कर दिया था। उसकी पहचान सीसीटीवी फुटेज से हुई है। जबकि सैफुल उर्फ सैफ अली पुत्र शमीउद्दीन और राशिद पुत्र नियत अल्ला निवासी मोहल्ला पछाया उसके सहयोगी रहे। तीनों को शुक्रवार देर रात पकड़ा गया है। शनिवार दोपहर तीनों को जेल भेज दिया गया। इनके अलावा दर्जनों उपद्रवी थे, जिनमें कुछ की पहचान भी हो गई है। उन्हें चिह्नित कर लिया गया है। इन लोगों ने हरिद्वार से लौट रहे कांवड़ियों पर बहजोई रोड पर हमला बोल दिया था। फिर पछाया मोहल्ले में घेरकर उनके साथ मारपीट की थी। उनका डीजे, जनरेटर, ट्रैक्टर में तोड़फोड़ कर दी थी। जबकि कुछ सामान भी लूट लिया था। इससे नगर की शांति भंग हो गई थी। बड़ा बवाल होते-होते बचा था। इस मामले में तत्कालीन इंस्पेक्टर अजय कुमार चाहर लाइन हाजिर हो चुके हैं। वहीं ड्राइवर फरीद सस्पेंड कर दिया गया था।
कांवड़ियों पर हमला करने वालों की एक-एक करके पहचान की जा रही है। कुछ उपद्रवी चिह्नित कर लिए गए हैं। जल्द ही उन्हें भी गिरफ्तार कर जेल भेज दिया जाएगा।
अनिल कुमार सिरोही, इंस्पेक्टर इस्लामनगर