रुद्रपुर। सिडकुल स्थित आईसीआईसीआई बैंक एटीएम चोरी का पुलिस ने खुलासा कर दिया है। तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर दिनेशपुर स्थित एक नदी से एटीएम बरामद कर लिया है, जबकि वारदात में शामिल अन्य आठ आरोपियों की पुलिस तलाश कर रही है। पुलिस ने सभी आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर गिरफ्तार आरोपियों को जेल भेज दिया है।
एसएसपी नीलेश आनंद भरणे ने खुलासा करते हुए बताया कि 23 जून की सुबह बदमाश एटीएम उखाड़कर ले गए थे। इसमें करीब 6.70 लाख रुपये थे। मामले के खुलासे को एएसपी टीडी वैला और सीओ रमेश चंद्र जोशी के नेतृत्व में पुलिस और एसओजी की अलग-अलग टीमें गठित कर बदमाशों की तलाश में राजस्थान, पंजाब, हरियाणा के साथ ही यूपी में दबिश दी गई, लेकिन सफलता नहीं मिली। शनिवार रात पुलिस को सूचना मिली कि एटीएम चोरी में शामिल तीन बदमाश दूधिया मंदिर स्थित पप्पन की गाड़ी रिपेयरिंग गैरेज के पास खड़े हैं। सूचना पर थानाध्यक्ष पंतनगर विक्रम राठौर, एसओजी प्रभारी केपी टम्टा टीम के साथ मौके पर पहुंचे और घेराबंदी कर तीन युवकों को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस पूछताछ में उन्होंने सिडकुल स्थित आईसीआईसीआई बैंक का एटीएम चोरी करने की बात कबूल करते हुए अपना नाम पहाड़गंज निवासी सगीर, पप्पन उर्फ सुहेल और नन्हें पुत्र माले खां बताया। बाद में तीनों की निशानदेही पर पुलिस ने काटकर चोरी की गई एटीएम मशीन और अन्य पुर्जे दिनेशपुर थाना क्षेत्र स्थित एक नदी के साथ ही अन्य स्थानों से बरामद कर लिए।
एसएसपी भरणे ने बताया कि पूछताछ में उन्होंने अपने अन्य साथियों के नाम राजस्थान के जिला भरतपुर के ग्राम जुरहरा निवासी गोविंद भिलाई, गोविंदा गडरिया और चंदू गडरिया, थाना रामगढ़ (राजस्थान) के ग्राम अलावढ़ा निवासी असलम उर्फ चिल्लू, फखरुद्दीन उर्फ फखरू, उत्तर प्रदेश के नोएडा निवासी संजय पंडित, आजमगढ़ निवासी मुकेश भारद्वाज और जिला बरेली थाना बहेड़ी के खेमपुर भोजपुर निवासी यूसुफ बताया। पुलिस ने सभी 11 आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर गिरफ्तार सगीर, पप्पन और नन्हें को जेल भेज दिया। एसएसपी भरणे ने बताया कि फरार आरोपियों की तलाश की जा रही है। जल्द ही उन्हें भी गिरफ्तार कर लिया जाएगा। गिरफ्तार सगीर के खिलाफ धारा 457, 380 और 411 के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है, जबकि पप्पन और नन्हें पर चोरी की योजना बनाने और रुपये बांटने में शामिल होने के साथ ही आरोपियों की मदद करने की धारा 120बी के तहत नामजद किया गया है।
----------
गैंग के ठहरने का इंतजाम करता था सगीर
रुद्रपुर। पुलिस के मुताबिक गिरफ्तार पहाड़गंज निवासी सगीर गैंग के ठहरने का पूरा इंतजाम करता था। घटना से करीब 10 दिन पहले सगीर ने सभी सदस्यों को अपने घर पहाड़गंज में बुला लिया था। उसका साथ पप्पन और नन्हें देते थे। चोरी की योजना के दौरान पप्पन, नन्हें और सगीर ने बाहर से आए अन्य साथियों को अशोका लीलैंड स्थित एटीएम को उड़ाने की बात सुझाई थी। इसके बाद उन्होंने अलग अलग गुट बनाकर एटीएम की करीब छह बार रेकी की। 23 जून की रात को वे सगीर के मकान में नन्हें और पप्पन को छोड़कर बहेड़ी निवासी यूसुफ की टाटा सूमो यूए-05-0490 से अशोका लीलैंड एटीएम के पास पहुंचे। गार्ड के चले जाने के बाद उन्होंने एटीएम के सीसीटीवी कैमरे पर टेप चिपकाकर केबिल तार काट दिया। औजार से एटीएम मशीन को उखाड़कर टाटा सूमो में रखा और फरार हो गए। उन्होंने टाटा सूमो के अंदर ही एटीएम को तोड़कर उसमें रखी नगदी निकाल ली। खाली एटीएम को दिनेशपुर रोड स्थित नदी पर बने पुल से नीचे फेंक दिया। इसके बाद सभी बदमाश दिनेशपुर से काशीपुर रोड होते हुए वापस सगीर के घर पहुंचे। जहां पर पप्पन और नन्हें ने सभी लिए शराब और मांस की व्यवस्था की हुई थी। बाद उन्होंने पप्पन और नन्हें को 15-15 हजार रुपये दिए। बाकी रुपयों को उन्होंने आपस में बांट लिया। इसके बाद वे लोग अपने अपने रास्ते चल दिए।
------------
खुलासा करने वाली टीम पर ईनामों की बौछार
रुद्रपुर। एटीएम चोरी का खुलासा करने वाली पुलिस टीम को डीजीपी बीएस सिद्धू ने 10 हजार रुपये ईनाम देने की घोषणा की है। जबकि डीआईजी कुमाऊं पीएस सैलाल ने पांच हजार और एसएसपी नीलेश आनंद भरणे ने 2500 रुपये का ईनाम देने की घोषणा की है। इसके अलावा प्रांतीय उद्योग व्यापार मंडल के कोषाध्यक्ष मनोज छाबड़ा ने 2500 रुपये और अशोका लीलैंड के सिक्योरिटी इंचार्ज की तरफ से गौतम बुद्ध की प्रतिमा भेंट की गई। टीम में थानाध्यक्ष पंतनगर विक्रम राठौर, एसओजी प्रभारी केपी टम्टा, एसआई विकास मलिक, एसआई ओमप्रकाश, एसआई जसवीर चौहान, एसआई किशन राम चन्याल, हेड कांस्टेबल चंद्र प्रकाश बवाड़ी, प्रकाश भगत, कांस्टेबल मनमोहन सिंह, आसिफ हुसैन, प्रमोद रौतेला, भूपेंद्र जीना, उमेश पंत, महेंद्र गिरी, फिरोज खान, राकेश मलकानी, इमदाद हुसैन शामिल हैं।
-----------
रिमांड पर लिए जाएंगे तीनों बदमाश
रुद्रपुर। सिडकुल चौकी इंचार्ज एमपी सिंह ने बताया कि एटीएम चोरी करने वाले बदमाश छह माह पहले भी सगीर के घर में एक माह तक रुके हुए थे। इस दौरान उन्होंने किस घटना को अंजाम दिया, इसकी जानकारी जुटाने के लिए गिरफ्तार तीनों बदमाशों को पुलिस रिमांड पर लिया जाएगा।
-----------
डेढ़ लाख रुपये नहीं निकाल पाए बदमाश
रुद्रपुर। पुलिस के मुताबिक वारदात को अंजाम देने के बाद बदमाशों ने करीब पांच लाख रुपये एटीएम से निकाल लिए। जबकि डेढ़ लाख रुपये एटीएम से नहीं निकाल पाए। इसके बाद पुलिस डर से बदमाशों ने एटीएम नदी में फेंक दिया। एटीएम बरामदगी के दौरान करीब डेढ़ लाख रुपये की नगदी सड़ी गली हालत में मिली।
------------
नोट फोटो संख्या 30 आरडीपी-1पी-रुद्रपुर सिडकुल में गिरफ्तार आरोपियों के साथ एसएसपी नीलेश आनंद भरणे और पुलिस टीम, 2पी-बरामद एटीएम मशीन, 3पी-रुद्रपुर एटीएम में मिले सड़ी गली नगदी