ओवरलोड ट्रक का चालान करते अधिकारी।
- फोटो : अमर उजाला ब्यूरो, बरेली
बहेड़ी-बरेली मार्ग पर उत्तराखंड से आ रहे ओवरलोड ट्रक टीम ने रोके
बरेली। ओवरलोडिंग कर सड़कों की दशा बिगाड़ रहे ट्रांसपोर्टर्स पर बृहस्पतिवार को आरटीओ ने कार्रवाई की। सुबह के समय अचानक चलाए गए अभियान में विभाग ने ओवरलोड 12 ट्रकों को रोक लिया। दो ट्रक सीज कर दिए गए और दस का चालान काटा गया।
आरटीओ अनिल गुप्ता के निर्देश पर एआरटीओ प्रवर्तन जेपी गुप्ता ने टीम के साथ बहेड़ी के पास अभियान चलाया। इस दौरान ओवरलोड माल लाद कर ला रहे 12 ट्रक पकड़े गये। पकड़े गये ट्रकों में उत्तराखंड से लकड़ी, मौरंग समेत अन्य चीजें लाई जा रही थी। चेकिंग के दौरान मौके पर ही इन वाहनों का वजन कराया गया। दो ट्रकों को मौके पर सीज करने के साथ 10 अन्य के एमबी एक्ट में चालान काटकर जुर्माना लगाया गया। कई ट्रकों में जरूरत से ज्यादा लादे गए सामान को तिरपाल से ढंका गया था। चेकिंग अभियान की सूचना पर उत्तराखंड की ओर से आ रहे कई ट्रक वापस लौट गये। ओवरलोडिंग कर रहे ड्राइवरों में कई के पास प्रदूषण समेत गाड़ी के कागजात भी पूरे नहीं मिले। एआरटीओ जेपी गुप्ता ने बताया ओवरलोडिंग रोकने के लिए टोल प्लाजा पर ऑटोमेटिक वेट मशीन लगाई गई है। टोल प्लाजा से ओवरलोड वाहन निकलने पर उसका ई- चालान काटा जाता है।
ओवरलोड वाहन खराब कर रहे सड़क
मानसून की सीजन में जानलेवा हुई सड़कों की दशा बिगाड़ने में ओवरलोडिंग की भी बड़ी भूमिका है। लोक निर्माण विभाग अभियंताओं की माने तो लगातार ओवरलोड वाहन गुजरने से सड़क की सेहत पर असर पड़ता है। ओवरलोडिंग के चलते समय से पहले ही सड़क खराब हो जाती है। छोटे-छोटे पैच बड़े गड्ढों में तब्दील होने से सड़क पर चलना दूभर हो जाता है।