घरों में दबिश देकर अवैध असलहे तलाशे, अपराधियों को पनाह न देने को चेताया
बरेली। इज्जतनगर पुलिस ने बुधवार को एएसपी/सीओ तृतीय साद मियां खान के नेतृत्व में रहपुरा चौधरी गांव में दबिश दी। इस दौरान वहां आपराधिक इतिहास वाले लोगों के घरों में तलाशी लेकर फिरोज उर्फ पतरा को तमंचा समेत गिरफ्तार किया।
बुधवार शाम पहुंची पुलिस टीम में एएसपी के अलावा, इंस्पेक्टर और दरोगा समेत 50 से ज्यादा पुलिसकर्मी शामिल थे। इसके बाद गांव में आपराधिक इतिहास वाले व्यक्तियों के घरों में अवैध असलहों की तलाश में दबिश दी गई। मगर फिरोज के अलावा किसी के घर से कुछ नहीं मिला। इस दौरान एएसपी ने लोगों को चेतावनी दी कि असामाजिक तत्वों को गांव में पनाह न दें। कोई भी आपराधिक किस्म का व्यक्ति गांव में आए तो पुलिस को सूचना अवश्य दें।