आंवला। विधालय में छात्राओं का स्वास्थ्य परीक्षण करती स्वाथ्य विभाग की टीम-संवाद
आंवला। आश्रम पद्धति विद्यालय में रविवार की रात अचानक 12 छात्राओं के बीमार होने के पीछे मौसमी बीमारी व गंदगी थी। सोमवार को स्वास्थ्य विभाग की ओर से शिविर लगाकर 61 छात्राओं की स्वास्थ्य जांच की गई, जिसमें कोई भी संक्रमित नहीं मिला।
दरअसल, बिसौली रोड स्थित आश्रम पद्धति विद्यालय द्वारा संचालित जय प्रकाश नारायण सर्वोदय बालिका विद्यालय में रविवार की रात एक दर्जन से ज्यादा छात्राओं में तेज बुखार, खांसी जुकाम के लक्षण मिलने पर काॅलेज में हड़कंप मच गया था। प्रधानाचार्य ने सभी बीमार छात्राओं को सीएचसी भिजवाया।
इनमें से चार को अस्पताल में देर रात तक भर्ती रखा गया। बाकी छात्राओं को परीक्षण के बाद दवाई देकर काॅलेज के छात्रावास में भेज दिया गया। प्रधानाचार्य की सूचना पर देर रात काॅलेज पहुंचे अभिभावक अपने बीमार बच्चों को घर ले आए। सोमवार को भी मोतीपुरा तहसील शाहबाद व कस्बे के मोहल्ला विलायत गंज के अभिभावक अपने बीमार बच्चों को घर वापस लाने के लिए विद्यालय पहुंचे थे। संवाद