बरेली। निजी अस्पतालों में सुरक्षा मानकों की जांच के क्रम में स्वास्थ्य विभाग की टीम ने शुक्रवार को बदायूं रोड स्थित अस्पतालों का निरीक्षण किया। आशा अस्पताल के बेसमेंट में चल रहे ऑपरेशन थिएटर, पैथलैब, एनआईसीयू को सील किया गया। श्री केदारनाथ अस्पताल के संचालक को चेतावनी दी गई।
नोडल अधिकारी डॉ. अमित कुमार टीम के साथ बदायूं रोड पर चल रहे आशा अस्पताल पहुंचे। अस्पताल विभाग में पंजीकृत मिला, लेकिन नियमों को दरकिनार कर बेसमेंट में ऑपरेशन थिएटर, पैथलैब, एनआईसीयू चलते मिले। इन्हें सील किया गया। साथ ही, संचालक से मानक अधूरे मिलने पर जवाब तलब किया है। श्री केदारनाथ हॉस्पिटल बंद मिला। डॉ. स्नेहलता सिंह ने बताया कि अस्पताल का संचालन नहीं हो रहा है। भविष्य में सूचना दिए बिना चिकित्सकीय कार्य करने पर कार्रवाई की चेतावनी दी गई।
सीएमओ डॉ. विश्राम सिंह ने बताया कि दो सप्ताह तक शहर और देहात क्षेत्र के निजी अस्पतालों की जांच जारी रहेगी। मानकों का उल्लंघन मिलने पर कार्रवाई की जाएगी। मानक पूरा किए बगैर सील खुली तो विधिक कार्रवाई की जाएगी।
पीलीभीत बाइपास स्थित परमेश्वर अस्पताल का डॉ. अमित दिनकर ने टीम के साथ निरीक्षण किया। अस्पताल पंजीकृत मिला, लेकिन पैथोलॉजी अपंजीकृत थी। नोडल अधिकारी को स्थिति की सूचना दी गई और निर्देश मिलने पर पैथोलॉजी को सील कर दिया गया।