बीआई बाजार की फोटोस्टेट दुकान पर सेना के गोपनीय नक्शों का पुलिंदा पकड़ने के पांच दिन बाद सेना ने दो अज्ञात जवानों और दुकान मालिक के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई थी, लेकिन पुलिस अधिकारियों के मुताबिक अब सैन्य अधिकारी इस एफआईआर को वापस लेने पर विचार कर रहे है। कारण यह बताया जा रहा है कि ये नक्शे प्रशिक्षण के वक्त के थे।
कैंट के बीआई बाजार की फोटोस्टेट दुकान यारेंस ट्रेडर्स पर शुक्रवार शाम सेना और पुलिस की छापामारी में नक्शे और दस्तावेज बरामद हुए थे। दुकानदार कृष्णा के मुताबिक शाम साढ़े छह बजे सेना की वर्दी में आए दो युवकों ने नक्शों का एक बंडल फोटोस्टेट के लिए दिया था। दोनों युवक नक्शे दुकान पर छोड़कर सुबह दस बजे आने की बात कहकर गये थे। इनमें ज्यादातर नक्शे भारत और पाकिस्तान के बीच नियंत्रण रेखा के हैं। उनमें चेक पोस्टों और सेना की चौकियों की जानकारी भी लिखी है। मंगलवार को हवलदार प्रभात कुमार शाही की तरफ से शासकीय गुप्त बात अधिनियम 2005 की धारा 5 (सरकारी दस्तावेज से छेड़छाड़, उनकी नकल करना) के तहत रिपोर्ट दर्ज कराई है। एसपी सिटी रोहित सिंह सजवाण ने बताया कि सेना के अधिकारी केस को वापस लेना चाहते है, हालांकि इस पर विचार किया जा रहा है।