बीडीए वीसी को सेना की ओर से सौंपा गया ड्राफ्ट ।
बरेली। रामगंगानगर में सेना पांच हजार वर्गमीटर में अपना आराम गृह बनाएगी। इसके लिए सेना ने बरेली विकास प्राधिकरण से सोमवार को नौ करोड़ 32 लाख 96 हजार में जमीन खरीदी है।
बीडीए उपाध्यक्ष जोगिंदर सिंह ने बताया कि रामगंगानगर आवासीय योजना के सेक्टर-2 में बरेली विकास प्राधिकरण कार्यालय के पास ही सेना ने नौ करोड़ 32 लाख 96 हजार रुपये में पांच हजार वर्गमीटर जमीन खरीदी है। बीडीए की ओर से सशस्त्र सीमा सुरक्षा बल गृह मंत्रालय भारत सरकार के नाम 27 मार्च, 2021 को यह जमीन आवंटित की गई थी। 20 दिसंबर को सशस्त्र सीमा सुरक्षा बल की ओर से प्राधिकरण कार्यालय में ड्राफ्ट के माध्यम से रकम जमा कराई गई। यहां बनाए जाने वाले आराम गृह में सैनिक सीमा पर ड्यूटी जाते समय और सीमा से वापस अपने गंतव्य को जाने के दौरान विश्राम करेंगे। बीडीए वीसी ने कहा कि सेना का आराम गृह बनने से रामगंगानगर आवासीय योजना के आवंटियों में सुरक्षा की भावना बढ़ेगी।