पुरस्कार वितरण समारोह के साथ हुआ प्रतियोगिता का समापन
बरेली। सेक्रेड हार्ट्स स्कूल में आयोजित श्री करन सिंह मेमोरियल इंटर स्कूल फुटबॉल टूर्नामेंट का रविवार को पुरस्कार वितरण समारोह के साथ समापन हो गया। प्रतियोगिता के अंडर-14 व अंडर-19 वर्ग में आर्मी पब्लिक स्कूल विजेता बना।
सुबह हुए अंडर-14 वर्ग के पहले सेमीफाइनल में मानस स्थली ने सेक्रेड हार्ट्स स्कूल को टाई ब्रेकर में 1-0 से हराया। दूसरे सेमीफाइनल में आर्मी पब्लिक स्कूल ने जीआरएम स्कूल नैनीताल रोड को 4-0 से मात दी। अंडर-19 वर्ग में आर्मी पब्लिक स्कूल ने बिशप कॉनराड दोहना को 4-0 और जीआरएम नैनीताल रोड शाखा ने सेक्रेड हार्ट्स स्कूल को टाई ब्रेकर में 1-0 से हराया।
अंडर-14 वर्ग के फाइनल में आर्मी पब्लिक स्कूल ने मानस स्थली को 1-0 और अंडर-19 में आर्मी पब्लिक स्कूल ने जीआरएम नैनीताल रोड को 2-0 से मात दी। प्रतियोगिता के अंतिम दिन मुख्य अतिथि पूर्व अंतरराष्ट्रीय खिलाड़ी एवं स्पोर्ट्स सेक्रेट्री (एनईआर) गीता शर्मा ने खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त कर मुकाबलों का शुभारंभ किया। विद्यालय की निदेशिका राधा सिंह, डायरेक्टर निर्भय बेनीवाल, प्रधानाचार्य डॉ. उर्मिला बाजपेयी, एचएस बिष्ट, रिंकू गोम्स, शाहनबाज खान, सुभाष चंद्र भगत, चंद्र कुमार यादव व राज आदि का विशेष योगदान रहा। संवाद