बरेली। सेना की घुड़सवारी। बैंड से युद्ध की ध्वनि। हेलीकाप्टर से जमीन पर लैंड करते जवान। घायल जवान को लेकर पलक झपकते आंखों से ओझल होता सेना का हेलीकाप्टर। ‘वन इंडिया, क्लीन इंडिया, ग्रीन इंडिया अभियान’ में आसमान से स्वच्छ भारत का संदेश देते चीता हेलीकाप्टर। सेना ने वह सारे कौशल लोगों को दिखाए जो युद्घ और प्राकृतिक आपदा के समय करते हैं। गरुड़ डिवीजन के इस जांबाज शो का बरेली के 10 हजार लोगों ने आनंद लिया, इस दौरान हर किसी के जुबान से बरबस ही निकल आया वाह सेना। सेना के कमांडिंग आफीसर मेजर जनरल वीपीएस भाकुनी ने कहा कि इस शो का मकसद जनता को बताना है कि उनकी सेना कैसी है, कहा कि भारत अगले 10 साल में दुनिया की महाशक्ति बनेगा।
बृहस्पतिवार को गरुड़ डिवीजन के मैदान में सेना के 69वें स्वतंत्रता दिवस समारोह के गवाह बने बरेली के 10 हजार लोग। शहर के 20 स्कूलों और कालेजों से आए स्टूडेंट्स, शिक्षक और अभिभावकों ने सेना के कौशल को नजदीक से जाना। सुबह की बूंदाबांदी में मैदान गीला होने के बाद भी न तो सेना के उत्साह में कमी थी, न ही स्टूडेंट्स के। सेना के कमांडिंग ऑफीसर मेजर जरनल वीपीएस भाकुनी ने तिरंगे के रंग में गुब्बारे उड़ाकर समारोह शहरवासियों के लिए खोलने की घोषणा की तो पूरा मैदान तालियों की गड़गड़ाहट से गूंज उठा।
इस मौके पर कमांडिंग आफीसर मेजर जरनल भाकुनी ने कहा कि जनता को भी पता चले कि उनकी फौज कैसी है। वह युद्ध या प्राकृतिक आपदा के समय क्या काम करती है। इसलिए सेना ने इस बार स्वतंत्रता दिवस समारोह जनता के साथ मनाने का निर्णय लिया। यूथ के साथ समारोह मनाने का उद्देश्य युवाओं में देश भक्ति की भावना पैदाकर उनको जिम्मेदार नागरिक बनाना है। स्टूडेंट्स ‘वन इंडिया, क्लीन इंडिया, ग्रीन इंडिया’ कार्यक्रम को घर-घर पहुंचाएं। हमारा देश उन्नति की राह पर चल पड़ा है। प्रत्येक नागरिक योगदान दे तो भारत 10 साल में दुनिया की महाशक्ति बन जाएगा।
समारोह में कमांडेंट कर्नल एएस राजपूत, डिप्टी जीओसी हरित पंत, लेफ्टीनेंट कर्नल पी कालियप्पन, अतुल कुमार त्यागी, आर्ट आफ लिविंग से पार्थो कुनाल समेत सेना के जवान, स्टूडेंट, शिक्षक और अभिभावक शामिल थे।