बरेली। रानी अवंतीबाई राजकीय महिला महाविद्यालय में बुधवार को चित्र प्रदर्शनी, जनपद स्तरीय चित्रकला-भाषण प्रतियोगिता और जिला स्तरीय प्रश्नोत्तरी हुई। इनमें जनपद के 20 महाविद्यालयों के विद्यार्थियों ने प्रतिभाग किया।
चित्रकला प्रतियोगिता में साहू राम स्वरूप महिला महाविद्यालय की अर्चना मौर्य प्रथम, ज्योति कॉलेज ऑफ मैनेजमेंट की कोमल शुक्ला द्वितीय और केसीएमटी महाविद्यालय की अंशिका अग्रवाल तृतीय रहीं। भाषण प्रतियोगिता में गंगाशील महाविद्यालय की ऐश्वर्या ने प्रथम, बरेली कॉलेज के राज प्रताप सिंह तोमर ने द्वितीय व रुहेलखंड विश्वविद्यालय की सुनैना सक्सेना ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। प्रश्नोत्तरी में 18 टीमों ने प्रतिभाग किया। इसमें बरेली कॉलेज की टीम (सतेंद्र कुमार, योगेश, आशीष सोनकर) अव्वल रही। रक्षपाल बहादुर टीचर्स ट्रेनिंग इंस्टीट्यूट और विश्वविद्यालय कैंपस, बरेली संयुक्त रूप से दूसरे स्थान पर रहे।
चित्र प्रदर्शनी का उद्घाटन कैंट विधायक संजीव अग्रवाल और उप महापौर पूनम राठौर ने किया। छात्राओं ने विकसित भारत की परिकल्पना, भारतीय संस्कृति, पर्यावरण संरक्षण और महिला सशक्तीकरण जैसे विषयों पर चित्र प्रस्तुत किए। महाविद्यालय के प्राचार्य प्रो. सुशील कुमार ने कला को रचनात्मक अभिव्यक्ति का सशक्त माध्यम बताया। इस दौरान महाविद्यालयों के शिक्षक और विद्यार्थी मौजूद रहे।