ऐरा बाल विद्या मंदिर इंटर कॉलेज में हुई गोष्ठी
खमरिया (लखीमपुर खीरी)। नारी अब अबला नहीं अपराजिता है। देश की रक्षा करने के साथ ही विज्ञान के क्षेत्र में नए कीर्तिमान बना रही हैं। ये विचार अमर उजाला की मुहिम ‘अपराजिता-100 मिलियन स्माइल्स’ के तहत सोमवार को ऐरा बाल विद्या मंदिर इंटर कॉलेज में महिला सुरक्षा को लेकर हुई जागरूकता गोष्ठी में मौजूद अतिथियों ने रखी। साथ ही छात्राओं को आत्मबल मजबूत करने के लिए प्रेरित किया गया।
मुख्य अतिथि गोविंद शुगर मिल के यूनिट हेड आलोक सक्सेना ने कहा कि इस तरह के कार्यक्रम से छात्राओं का आत्मबल मजबूत होता है और उनका साहस बढ़ता है। इसलिए इस तरह के कार्यक्रम हर विद्यालय में होने चाहिए। उन्होंने छात्राओं को शासन की ओर से महिला सुरक्षा के लिए जारी 100, 181, 1090, 1076 नंबर की जानकारी दी। प्रधानाचार्य अनुपमा शर्मा ने छात्राओं से कहा- रास्ते में होने वाली छींटाकशी आदि को न तो बर्दाश्त करें और न ही छिपाएं, क्योंकि इसको लेकर जरा सी भी बरती गई लापरवाही बड़ी घटना को अंजाम दे सकती है। इसलिए सतर्क रहकर सुरक्षित रहें और जीवन में शिक्षा के बल पर आत्मनिर्भर बनकर पुरुषों के कंधे से कंधा मिलाकर चलें, तभी इन आयोजन का उद्देश्य पूरा होगा। प्रबंधक मोहनलाल शर्मा ने कहा कि महिलाएं पुरुषों से कम नहीं है नारी अब अबला नहीं रही। बेटियां सेना में भर्ती होकर देश की रक्षा करने के साथ विज्ञान के क्षेत्र में नए कीर्तिमान बना रही हैं। खेलों में भी स्वर्ण पदक जीतकर विश्व पटल पर अपनी अलग पहचान बना रही हैं।
उद्घाटन गोविंद शुगर मिल के प्रमुख आलोक सक्सेना ने मां सरस्वती का पूजन कर किया। छात्रा मीनाक्षी सिंह, मानसी गुप्ता, साक्षी सिंह, शिवानी ने सरस्वती वंदना, छात्रा प्रिया सिंह, दिव्या चौबे, नेहा सिंह ने स्वागत गीत और दिव्या जायसवाल, आरजू, श्रेया गुप्ता ने महिला शिक्षा और आरुषि, सौम्या, मनु, पूजा ने स्कूल चले हम पर झांकी प्रस्तुत की। संचालन कौशलेंद्र शुक्ला ने किया। छात्र-छात्राओं एवं स्टाफ को अपराजिता की शपथ दिलाई।