अमर उजाला के अपराजिता अभियान के तहत विद्या निकेतन पब्लिक स्कूल में गोष्ठी
माधोटांडा (पीलीभीत) । नारी गरिमा को बनाए रखने का संकल्प लेकर शुरू किया गया अमर उजाला फाउंडेशन का ‘अपराजिता-100 मिलियन स्माइल्स’ अभियान महिला सशक्तीकरण की दिशा में प्रयासरत है। सोमवार को माधोटांडा के विद्या निकेतन पब्लिक स्कूल में गोष्ठी का आयोजन किया गया। प्रधानाचार्य अभिनाश कौर ने परिवार से लेकर राष्ट्र निर्माण तक महिलाओं की भूमिका पर चर्चा की। कहा, महिलाएं कभी खुद को कमजोर न समझें। हमेशा अपना आत्मविश्वास मजबूत रखें। हर कदम पर उन्हें कामयाबी मिलेगी।
उन्होंने कहा कि किसी भी विषम परिस्थिति में आत्मविश्वास ही जीत दिलाता है। छात्राएं घर से निकलते ही अपने को असुरक्षित महसूस करने लगती हैं। ऐसे में अमर उजाला की ओर से शुरू किया गया यह अभियान बेटियों को आत्मरक्षा के लिए तैयार करने में अहम भूमिका निभा रहा है। शिक्षक समीना फिरदौस ने कहा कि महिलाओं और छात्राओं को जागरूक करने के लिए अमर उजाला ने हमें एक अच्छा प्लेटफार्म दिया है। जरूरत है कि नारी किसी भी परिस्थिति का डट कर सामना करे। जरूरत पड़ने पर पुलिस द्वारा चलाए जा रहे टोल फ्री नंबरों की मदद भी लेनी चाहिए। स्कूल के एमडी विकास शुक्ला ने कहा कि अगर अपराजिता बनना है तो हर गलत बात के विरोध की हिम्मत जुटानी ही होगी।