बरेली। अटल आवासीय विद्यालय में शैक्षणिक सत्र 2026-27 के लिए 31 जनवरी तक ऑनलाइन या ऑफलाइन माध्यम से आवेदन किया जा सकता है। इस बार कक्षा छह की 160 सीटों और कक्षा नौ की 67 सीटों पर प्रवेश दिया जाएगा। आवेदन पत्र को बोर्ड की आधिकारिक वेबसाइट से डाउनलोड किया जा सकता है। श्रम विभाग, जिला प्रोबेशन अधिकारी और बेसिक शिक्षा अधिकारी कार्यालय से भी आवेदन पत्र को निशुल्क प्राप्त किया जा सकता है।
प्रवेश प्रक्रिया में उन पंजीकृत निर्माण श्रमिकों के बच्चों को वरीयता दी जाएगी, जिनकी सदस्यता अवधि 30 नवंबर 2025 तक न्यूनतम तीन वर्ष पूरी हो चुकी है। इसके अलावा कोविड महामारी से अनाथ हुए और मुख्यमंत्री बाल सेवा योजना के पात्र बच्चे भी आवेदन के पात्र हैं। कक्षा छह में प्रवेश के लिए अभ्यर्थी का जन्म मई 2014 से जुलाई 2016 के बीच और कक्षा नौ में प्रवेश के लिए मई 2011 से जुलाई 2013 के बीच होना अनिवार्य है। सभी जरूरी दस्तावेज 31 जनवरी की शाम 5:00 बजे तक श्रम विभाग कार्यालय में जमा कराए जा सकते हैं।
प्रवेश के लिए लिखित परीक्षा 22 फरवरी (रविवार) को सुबह 11:00 बजे से दोपहर 1:00 बजे तक होगी। दिव्यांग विद्यार्थियों को नियमानुसार 40 मिनट का अतिरिक्त समय दिया जाएगा। संवाद