बरेली। बरेली कॉलेज ने शैक्षणिक सत्र 2025-26 के लिए डिप्लोमा पाठ्यक्रमों में दाखिला प्रक्रिया शुरू कर दी है। इच्छुक अभ्यर्थी निर्धारित समयसीमा के भीतर आवेदन कर सकते हैं।
कॉलेज के सेल्फ फाइनेंस निदेशक प्रोफेसर एपी सिंह ने बताया कि यह सभी डिप्लोमा कोर्स स्ववित्तपोषित (सेल्फ फाइनेंस) योजना के तहत संचालित किए जा रहे हैं। इनका मुख्य उद्देश्य विद्यार्थियों को तकनीकी और व्यावसायिक कौशल प्रदान कर उन्हें रोजगार के लिए तैयार करना है।
एक वर्षीय कंप्यूटर एप्लीकेशन, पत्रकारिता एवं जनसंचार, पीजी डिप्लोमा इन फोटोग्राफी, डिप्लोमा इन मॉडर्न अरेबिक, डिप्लोमा इन डिजाइनिंग, डिप्लोमा इन इंटीरियर डिजाइनिंग और अन्य प्रबंधन से संबंधित कोर्स में प्रवेश शुरू किए गए है। अभ्यर्थियों का चयन मेरिट के आधार पर होगा, इसके लिए कटऑफ सूची जारी की जाएगी।
उन्होंने बताया कि सभी कोर्स नियमित कक्षाओं के माध्यम से पढ़ाए जाएंगे। आवेदन करने के लिए अभ्यर्थियों को अपने शैक्षणिक योग्यता प्रमाणपत्र, फोटो संलग्न करने के साथ ही निर्धारित शुल्क जमा करना होगा। आवेदन की अंतिम तिथि और मेरिट सूची जारी होने की जानकारी जल्द ही कॉलेज की वेबसाइट और सूचना पट पर उपलब्ध करा दी जाएगी। बरेली कॉलेज के यह डिप्लोमा पाठ्यक्रम कम समय में युवाओं को कुशल बनाकर बेहतर रोजगार के अवसर दिलाने में सहायक होंगे। संवाद