बरेली। रुहेलखंड विश्वविद्यालय की ओर से एमएड में प्रवेश की तिथि जारी कर दी गई है। प्रवेश परीक्षा में शामिल हुए अभ्यर्थी 13 अगस्त तक ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं।
कुलसचिव संजीव कुमार के अनुसार परिसर में संचालित एमएड पाठ्यक्रम के तहत निर्धारित सीटों पर प्रवेश के लिए अभ्यर्थी, जोकि विवि की एमएड प्रवेश परीक्षा में शामिल हुए हैं। वे वेबसाइट (https://admission.mjpruiums.in) पर कैंडिडेट लॉगिन के तहत छह अगस्त से आवेदन कर सकते हैं। इसकी 13 अगस्त अंतिम तिथि निर्धारित की गई है।
पंजीकृत अभ्यर्थियों के प्रवेश मेरिट के आधार पर किए जाएंगे। अभ्यर्थियों को मूल प्रमाणपत्र, उनकी छायाप्रतियां और 30,800 रुपये के बैंक ड्राफ्ट (विवि के वित्त अधिकारी के पक्ष में) के साथ प्रवेश के लिए शिक्षा विभाग में उपस्थित होना होगा।
काउंसलिंग की प्रस्तावित तिथि 17 अगस्त निर्धारित की गई है। संबंधित अभ्यर्थियों को इसकी सूचना अलग से भेजी जाएगी। बता दें एमएड में प्रवेश के लिए एलएलएम और एलएलबी के साथ 11 जुलाई को प्रवेश परीक्षा कराई गई थी। संवाद