सपा के नीरज मौर्य, भाजपा के धर्मेंद्र कश्यप, बसपा के आबिद अली
- फोटो : अमर उजाला
आंवला लोकसभा सीट के तीन विधानसभा क्षेत्रों बिथरी, फरीदपुर, आंवला की मतगणना बरेली में हुई, जबकि दातागंज व शेखूपुर विधानसभा सीटों के मतों की गणना बदायूं में हुई। बरेली में मतगणना के दौरान भाजपा प्रत्याशी धर्मेंद्र कश्यप और सपा के नीरज मौर्य के बीच राउंड दर राउंड अगड़ने-पिछड़ने का खेल चलता रहा।
पहले राउंड में 845 मतों से धर्मेंद्र आगे रहे और दूसरे में भी आगे हुए, लेकिन तीसरे में 4,926 मतों से नीरज ने बढ़त बना ली। क्रमवार 15वें राउंड तक नीरज का दबदबा रहा। फिर यह अंतर 340 मतों पर आ गया। 16वें राउंड में धर्मेंद्र फिर 2,917 मतों से आगे होकर 18वें राउंड तक डटे रहे।
19वें राउंड में फिर 7,881 मतों से नीरज आगे हुए, लेकिन अगले ही राउंड से लुढ़कने लगे। 21वें राउंड में वह 184 मतों से ही आगे रहे। 22वें राउंड से फिर बढ़त दर्ज की तो पीछे मुड़कर नहीं देखा। 33वें राउंड तक आगे रहे और 15,969 मतों से नीरज मौर्य विजेता बने।