एक ही दिन में गांव से उठे दो जनाजे, पसरा मातम
दुनका। गांव में शुक्रवार को कैंसर से एक और मौत हो गई, जिससे लोगों में दहशत का माहौल है। दस साल के अंतराल में दुनका में दो दर्जन से अधिक लोगों की कैंसर से मौतें हो चुकी हैं, लेकिन स्वास्थ्य विभाग की तरफ से इस ओर कोई ध्यान नहीं दिया जा रहा है। इसके अलावा इसी गांव में एक व्यक्ति की हार्टअटैक से मौत हो गई। एक ही दिन दो जनाजे निकले, जिससे गांव में मातम पसर गया।
कदीर अहमद उर्फ लाला (60) अपनी पत्नी खुर्शीद के साथ मिलकर दुकान चलाते थे। उनको कोई संतान नहीं है। दो माह पूर्व कदीर को रीढ़ की हड्डी में परेशानी हुई तो उन्होंने बरेली के अस्पताल में इलाज कराया, लेकिन कोई लाभ नहीं हुआ तो वह ऋषिकेश उत्तराखंड गए। वहां जांचें कराई गईं तो पता चला कि उन्हें कैंसर है। दो महीने से उनका इलाज चल रहा था, लेकिन शुक्रवार सुबह उनकी मौत हो गई।
उसी मोहल्ले के सलीम (45) पुत्र खलील की भी शुक्रवार की सुबह हार्ट अटैक से मौत हो गई। उनके परिवार में पांच बच्चे व पत्नी इशरत जहां हैं। एक साथ दो जनाजे उठने से हर एक ग्रामीण की आंखें नम हो गईं। संवाद