13 अप्रैल की शाम वाईफाई ठीक करने के बहाने घुसे बदमाशों ने की थी वारदात
बरेली। प्रेमनगर के मोहल्ला गांधीपुरम में सराफ मनोज गुप्ता के घर पड़ी डकैती में वांछित खड़ौआ निवासी रजत साहू को गिरफ्तार कर पुलिस ने जेल भेज दिया है।
गांधीपुरम फेस दो में रहने वाले सराफा कारोबारी मनोज गुप्ता की शेरगढ़ में दुकान है। 13 अप्रैल की शाम कुछ बदमाश वाईफाई ठीक करने के बहाने उनके घर पहुंचे और हथियारों के बल पर परिवार को बंधक बनाकर नकदी और जेवरात लूट ले गए। इस मामले में पुलिस ने संजयनगर के ऑटो ड्राइवर गौरव पाल और किला के बॉबी पेंटर को गिरफ्तार कर घटना का खुलासा किया था। डकैती में शामिल विकास कश्यप, फहीम और एक अज्ञात अब भी पुलिस की पकड़ से दूर हैं। सोमवार रात प्रेमनगर पुलिस ने रजत साहू को गिरफ्तार कर मंगलवार को जेल भेज दिया। इंस्पेक्टर शितांशु शर्मा ने बताया कि अन्य आरोपियों की भी तलाश की जा रही है।