बरेली में बारादरी पुलिस ने रविवार रात कटरा चांद खां इलाके में गो तस्करी के आरोपी सानू कसाई घर पर दबिश दी तो वह पुलिस टीम पर फायर कर भागने लगा। पुलिस ने उसके दाहिने पैर में गोली मारकर दबोच लिया। इसी मामले के दूसरे आरोपी के यहां टीम पहुंची तो वहां मौजूद महिलाओं ने पुलिस टीम पर हमला कर दिया। पुलिसकर्मियों की वर्दी फाड़ दी और सरकारी काम में बाधा पहुंचाई। पुलिस ने दो महिलाओं समेत चार अन्य आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया। पुलिस के मुताबिक, वहां कटान के बाद प्रतिबंधित पशु के मांस को पैकेट में सप्लाई किया जा रहा था।
बारादरी थाना प्रभारी धनंजय पांडेय ने बताया कि पुलिस ने कुछ दिन पहले घर में पशु काटने के आरोपी वसीम और उसकी पत्नी समेत चार लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया था। दबिश के दौरान आरोपी छत के रास्ते भाग निकले थे। सानू कसाई की गिरफ्तारी के बाद पुलिस को सूचना मिली कि वसीम कुरैशी अपने साथी फैयाज के साथ उसके काजीटोला स्थित घर में छिपा है।
यह भी पढ़ें- Trains Cancelled: मई के पहले सप्ताह तक सफर होगा मुश्किल, 28 ट्रेनें निरस्त, 14 का मार्ग परिवर्तित; जानें वजह
पुलिस टीम फैयाज के घर पहुंची तो महिलाएं झगड़ा करने लगीं। पुलिसकर्मियों की वर्दी फाड़ दी। फैयाज और उसके साथी घर से भाग गए। पुलिस ने फैयाज, वसीम की मां फूलबानो, बहन सना व भाई फईम को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। घायल सानू कसाई को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। उसके पास से तमंचा, कारतूस व बाइक बरामद हुई है। पुलिस ने उसके खिलाफ नई रिपोर्ट दर्ज की है।