पुलिस से बातचीत करते ठेले वाले।
- फोटो : अमर उजाला ब्यूरो, बरेली
रात में ड्यूटी करने वाले सिपाही कोतवाली की गाड़ी लेकर पहुंचे थे ठेले हटवाने, जमकर हुआ हंगामा
बरेली। कुतुबखाना मंडी के पास बृहस्पतिवार सुबह ठेले हटवाने पहुंचे कोतवाल के दो हमराह सिपाहियों में से एक ने ठेले वाले को डंडा मार दिया। इससे सभी ठेले वाले भड़क गए और सिपाही को घेरकर हंगामा करने लगे। मौके पर कोतवाली की गाड़ी से पहुंचे दोनों सिपाही दरअसल रात में कोतवाल के साथ ड्यूटी करते हैं। ऐसे में उनके दिन में मंडी पहुंचने को लेकर सवाल उठ रहे हैं। ठेले वालों ने भी उन पर मुफ्त में सामान ले जाने के आरोप लगाए हैं। हालांकि कोतवाली पुलिस ने इस मामले में सफाई देने से इंकार कर दिया है।
कोतवली इंस्पेक्टर गीतेश कपिल के साथ रात में ड्यूटी करने वाले दो सिपाही बृहस्पतिवार सुबह सरकारी गाड़ी से कुतबुखाना मंडी पहुंचे। इनमें से एक गाड़ी से उतरकर सड़क किनारे लगे ठेलों को खदेड़ने लगा। इस बीच उसने एक ठेले वाले को डंडा मार दिया। यह देख सभी ठेले वाले भड़क गए और उन्होंने सिपाही को घेर लिया। काफी देर रात उनकी सिपाही से कहासुनी होती रही। ठेले वालों ने सिपाहियों पर रोज आकर मुफ्त में फल-सब्जी ले जाने के आरोप लगाए। बाद में सिपाही को उसका साथी किसी तरह वहां से निकालकर ले गया। सवाल यह है कि ड्यूटी खत्म होने के बाद घर जाने के बजाय दोनों सिपाही मंडी किसके कहने पर पहुंचे थे। ठेले वालों ने इस मामले की शिकायत आला अधिकारियों से करने की बात कही है।