लखीमपुर खीरी जिले के फूलबेहड़ ब्लॉक के एक किसान ने गन्ने का बकाया भुगतान न मिलने से नाराज होकर बृहस्पतिवार को एक एकड़ गन्ने की खड़ी फसल जोत डाली।
बरौला ग्राम पंचायत के प्रधान सुरजन सिंह के भाई सर्वजीत सिंह पुत्र कश्मीर सिंह ने बताया कि बजाज मिल खंभारखेड़ा में पूरे सत्र में उन्होंने 60 पर्चियां लगाई थीं, जिसका 10 लाख रुपये का भुगतान मिल पर बकाया है और उसमें से एक नया पैसा नहीं मिला है।
बताया कि दर्जनों बार मिल से लेकर गन्ना विभाग के ऑफिस के चक्कर काटे, लेकिन कोई फायदा नहीं हुआ। खेतों में बीज, कीटनाशक, खाद सहित कई दवाओं के इस्तेमाल से एक एकड़ फसल में हजारों का खर्चा आता है, लेकिन मिल ने एक फूटी कौड़ी नहीं दी। बताया कि जैसे-तैसे इंतजाम करके खाद और बीज का सामान लाते हैं, जिससे कर्ज भी हो जाता है।
समय पर पैसा न मिलने से परेशानियां बढ़ती जा रही हैं। इससे नाराज होकर उन्होंने एक एकड़ में खड़ी गन्ने की फसल की जुताई कर अपने गुस्से का इजहार किया।