बड़ा बाईपास पर दिल्ली-पंजाब और हरियाणा से आ रहे लोगों की मदद के लिए सड़क पर उतरे लोग
विज्ञापन
संक्रमण फैलने का खतरा नजरअंदाज, ठसाठस भरकर रवाना हुए ट्रक
बरेली। दिल्ली, हरियाणा और पंजाब से सैकड़ों किलोमीटर का पैदल सफर कर घर लौट रहे लोगों का प्रशासन की ओर से कोई इंतजाम न होने की वजह से गुस्सा भड़कना शुरू हो गया है। रविवार को ऐसे लोगों हाईवे पर डंडों के जोर पर गाड़ियां रुकवाईं और जबरन उसमें सवार हो गए।
दिल्ली, हरियाणा और पंजाब में लॉक डाउन लागू होने के बाद तमाम औद्योगिक इकाइयां बंद होने के बाद से ही हजारों मजदूर बेरोजगार होकर अपने परिवारों के साथ घर लौट रहे हैं। सैकड़ों किलोमीटर के मुश्किल सफर के साथ भूख से बेहाल ऐसे मजदूरों के काफिले लगातार बड़ा बाईपास और सेटेलाइट बस स्टैंड से गुजर रहे हैं। इनमें काफी लोग प्रशासन की ओर से मुहैया कराई गई रोडवेज बसों से पहुंचे हैं तो कई निजी गाड़ियों को हजारों रुपये किराया देकर आए हैं। यहां से आगे उन्हें दूसरे छोटे शहरों और गांवों में अपने घरों तक जाना है लेकिन उन्हें इसके लिए कोई साधन नहीं मिल रहा है। पुलिस और प्रशासन की ओर से भी इसके लिए कोई व्यवस्थित इंतजाम नहीं किया गया है। जो थोड़े-बहुत इंतजाम हैं भी, वे भी अपार भीड़ के आगे बेकार हो गए हैं।
रविवार को इन लोगों का गुस्सा भड़कना शुरू हो गया। रास्ते में इन्हें खाना खिला रहे तमाम लोग भी उनकी हालत पर तरस खाकर उनकी मदद में उतर आए। उमरा गांव के पास लोगों ने डंडे लेकर सड़क पर खड़े होकर ट्रकों और दूसरे भारी वाहनों को रोककर उनमें इन लोगों को जबरन बैठाना शुरू कर दिया। संक्रमण फैलने का खतरा होने के बावजूद तमाम ट्रक यहां से ठसाठस भरकर आगे रवाना हुए। डीआईजी राजेश कुमार पांडेय ने लोगों को एहतियात बरतने की सलाह दी है।