फतेहगंज पश्चिमी। राधा-कृष्ण मंदिर के पास बने कट पर हो रहे हादसों से बचाव के लिए यहां अंडरपास बनाया जाएगा। इस संबंध में प्रस्ताव मंजूर भी हो गया है। यह जानकारी एनएचएआई की ओर से शिकायतकर्ता को भेजे गए पत्र में दी गई है।
कस्बा के मोहल्ला अंसारी निवासी छात्र असद अंसारी ने पिछले दिनों नेशनल हाइवे पर राधा-कृष्ण मंदिर और एएनए कट बंद करने को लेकर शिकायत पीएमओ से की थी। जांच के बाद एएनए कट को बंद कर दिया गया। राधा-कृष्ण मंदिर के पास बने कट पर हादसे से बचाव के लिए चेतावनी बोर्ड व संकेतक लगाए गए। इसके बाद भी यहां हादसे कम नहीं हुए।
इसके बाद दोबारा से असद ने पीएमओ को पत्र लिखा। करीब 15 दिन पहले एनएचएआई की टीम ने यहां निरीक्षण किया। असद को भेजे गए पत्र में एनएचएआई की ओर से बताया गया है कि सुरक्षा के लिए यहां रंबल स्ट्रिप्स, सोलर ब्लिंकर और चेतावनी संकेतक लगाए जा चुके हैं।
प्राधिकरण के अनुसार स्थल की गंभीरता को देखते हुए यहां अंडरपास बनाने का प्रस्ताव भेजा गया था। इसे सक्षम प्राधिकारी द्वारा मंजूरी दे दी गई है। टेंडर निकालकर यहां जल्द काम शुरू किया जाएगा।