दुनका/शाही। शाही थाना क्षेत्र के गांव कुल्छा की गौंटिया में मंगलवार शाम भागवत कथा के दौरान नशे में धुत ट्रैक्टर ट्राली के धक्के से बारातघर की दीवार ढह गई। मलबे में दबकर तीन वर्षीय दुधमुंहे बच्चे की मौके पर ही मौत हो गई और उसकी मां समेत तीन दर्जन से ज्यादा महिला-पुरुष श्रद्धालु घायल हो गए। इनमें से आधा दर्जन की हालत गंभीर बताई गई है। घायलों को सरकारी एंबुलेंस और प्राइवेट वाहनों से जिला अस्पताल भिजवाया गया है।
शाही थाना के गांव कुल्छा की गौंटिया में बारातघर में छह दिन से भागवत कथा चल रही है। मंगलवार शाम साढ़े चार बजे भागवत कथा के दौरान गांव के ही शराबी ड्राइवर गुलजारी पुत्र छोटेलाल ने ट्रैक्टर ट्राली को बैक करते वक्त बारातघर की दीवार में घुसा दिया। जोरदार धक्के से कई फुट लंबी ईंटों की पक्की दीवार भरभराकर ढह गई। दीवार के मलबे में दबकर दीवार के आसपास बैठे तीन दर्जन से ज्यादा महिला-पुरुष श्रद्धालु घायल हो गए। मां की गोद में बैठे तीन साल के दुधमुंहे बच्चे रामू पुत्र प्रेमशंकर की ईंटों के मलबे में दबकर मौके पर ही मौत हो गई। घायलों में रामू की मां और ब्रजवती पत्नी छत्रपाल, वीरवती (16) पुत्री हेतराम, पूजा (12)पुत्री वेदपाल, सुदामा देवी (45)पत्नी बद्रीप्रसाद, उसका बेटा कालीचरन, नत्थो देवी पत्नी कामता प्रसाद, रामकली पत्नी रोशनलाल (70), रेखा (18)पुत्री प्रेमपाल, गजेंद्र पुत्र जीसुख, लीलावती (28) पत्नी सुम्मेरीलाल और पूरनलाल की पत्नी आदि शामिल हैं। घायलों में आधा दर्जन लोगों की हालत गंभीर है। घायलों को 108 नंबर सरकारी एंबुलेंस और प्राइवेट वाहनों से जिला अस्पताल भिजवाया गया है। पुलिस घंटे भर बाद पहुंच पाई। ट्रैक्टर चालक मौके से फरार हो गया। ट्रैक्टर ट्राली को थाने में खड़ा करवा लिया गया है। सीओ सिद्धार्थ वर्मा ने बताया कि तहरीर के आधार पर मुकदमा लिखा जा रहा है।