बरेली। रुहेलखंड विश्वविद्यालय में चल रही महिला बास्केटबॉल प्रतियोगिता का रविवार को समापन हो गया। अंतिम दिन गुरु नानक देव विवि (जीएनडीयू) अमृतसर और पंजाब विवि चंडीगढ़ का मुकाबला कांटे का रहा। इसमें 53 प्वाइंट बनाकर जीएनडीयू की टीम ने खिताब अपने नाम किया। पंजाब विवि की टीम दूसरे स्थान पर रही।
विश्वविद्यालय के पं. दीनदयाल उपाध्याय स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स में सुबह पहला मैच जीएनडीयू अमृतसर और कुरुक्षेत्र विवि की टीमों के बीच खेला गया। इसमें जीएनडीयू ने जीत दर्ज की। जीएनडीयू का दूसरा मुकाबला पंजाब विवि चंडीगढ़ के साथ हुआ। इसमें दो प्वाइंट्स बनाकर जीएनडीयू ने खाता खोला। इसके बाद लगातार चंडीगढ़ की टीम पर प्रतिद्वंद्वी टीम भारी पड़ती रही।
30 प्वाइंट्स बनने के बाद चंडीगढ़ को अमृतसर की टीम को रोकना मुश्किल हो गया। 35 प्वाइंट पर ही चंडीगढ़ की टीम सिमटकर गई। इसके बाद 18 प्वाइंट अधिक बनाकर अमृतसर की टीम चैंपियन बनी। तीसरे स्थान पर एलपीयू फगवाड़ा और चौथे स्थान पर कुरुक्षेत्र विवि की टीम रही। इससे पूर्व लीग मैच के चार मुकाबले भी खेले गए। निर्णायक मंडल में बास्केटबॉल एसोसिएशन के जिला सचिव सोनेंद्र कुमार, सौरभ, सचिन, कुलदीप, कमर, मंगल आदि रहे। एआईयू पर्यवेक्षक डॉ. वीएस यादव भी रहे।
समापन समारोह के मुख्य अतिथि अंतरराष्ट्रीय खिलाड़ी यशपाल राणा रहे। उन्होंने विजेता, उप-विजेता टीम को चैंपियनशिप ट्रॉफी प्रदान की। तीसरे व चौथे स्थान पर रहीं टीमों के खिलाड़ियों को मेडल पहनाकर सम्मानित किया। कोच और रेफरी भी पुरस्कृत किए गए। प्रतियोगिता में जीतने वाली चारों टीमें ऑल इंडिया स्तर पर प्रतिभाग करेंगी।
चार दिवसीय मुकाबले में 36 टीमों के 450 खिलाड़ियों ने हिस्सा लिया था। स्वागत भाषण में क्रीड़ा सचिव प्रो. आलोक श्रीवास्तव ने विवि की प्रगति रिपोर्ट प्रस्तुत की। कहा कि हरियाणा और पंजाब के विवि के समान अपने विवि के खिलाड़ियों को भी बेहतरीन सुविधाएं प्रदान करने का प्रयास किया जा रहा है। संचालन डॉ. आभा त्रिवेदी ने किया। सहायक कुलसचिव आनंद कुमार मौर्य, प्रो. जेएन मौर्य, प्रो. संजय गर्ग, प्रो. एके सिंह, डॉ. नीरज कुमार, धर्मेंद्र शर्मा, जहरी अहमद उपस्थित रहे।