उत्तर प्रदेश में पूरी तरह लॉकडाउन घोषित होने के बावजूद बरेली जिले में शराब के शौकीनों को बैकडोर से शराब उपलब्ध कराई जा रही है। जिले में दोगुने दामों पर शराब की बिक्री हो रही है। पुलिस की मिलीभगत से चल रहे धंधे में माफिया मोटा मुनाफा कमा रहे हैं।
बुधवार रात सर्किटहाउस के पास शराब की दुकान खोलकर बिक्री की जा रही थी। इस दौरान पीआरवी को सूचना मिली, जिसके बाद पुलिस ने सेल्समैन अनूप सक्सेना को गिरफ्तार कर दुकान मालिक आशू तलवार के खिलाफ कार्रवाई की। अमर उजाला ने यह खबर प्रकाशित की, जसके बाद पुलिस महकमा इसे लेकर और भी सख्त हो गया है।
एसएसपी ने जिले भर में पुलिस को शराब की अवैध बिक्री करने वालों के खिलाफ कार्रवाई के आदेश दिए हैं। प्रेमनगर पुलिस ने गुरुवार सुबह डेलापीर चौराहे की देसी शराब दुकान से शराब खरीदकर ले जाते हुए एक युवक को गिरफ्तार कर लिया। उसके पास कट्टे में शराब के कई क्वार्टर मिले।
युवक ने बताया कि दुकान के मालिक का नाम सुमन वार्ष्णेय है। वह उनके परिवार के सदस्य से यह शराब लेकर जा रहा था। इसके बदले उसे 4500 रुपये दिए गए थे। पुलिस को शक है कि सूरज इस शराब को और ज्यादा रेट पर शौकीनों को सप्लाई करता होगा। फिलहाल पकड़े गए युवक से पूछताछ की जा रही है।