बरेली। नोकझोंक और विरोध के बीच नगर निगम की टीम ने बुधवार को जंक्शन रोड और सुभाषनगर क्षेत्र में अतिक्रमण हटाओ अभियान चलाया। जंक्शन रोड पर सड़क के दोनों ओर काबिज कुछ दुकानदारों का सामान टीम ने जब्त किया। विरोध के बीच दुकानदारों की टीम से नोकझोंक भी हुई। अंतत: जुर्माना देकर ही छूट पाए। टीम ने 20 हजार रुपये का जुर्माना वसूला है।
राजस्व निरीक्षक सच्चिदानंद सिंह से दुकानदारों की तीखी बहस हुई। हालांकि, नगर निगम की सख्ती पर दुकानदारों ने सामान समेट कर सड़क खाली की। इंदिरा मार्केट में अतिक्रमण हटाओ अभियान चलाए जाने की खबर फोन पर कुछ पटरी दुकानदारों को मिली तो दुकानदारों ने सामान समेटना शुरू कर दिया। इससे कुछ देर के लिए वहां अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
नगर निगम की टीम यहां नहीं पहुंची। नगर आयुक्त संजीव कुमार मौर्य ने कहा कि सड़कों को अतिक्रमण मुक्त कराने के लिए हर रोज अतिक्रमण हटाओ अभियान चलेगा। सख्ती के साथ कार्रवाई होगी। ब्यूरो