बरेली। शौकिया मॉडलिंग शुरू करने वाले शहर के युवा आज इस क्षेत्र में अलग पहचान बना रहे हैं। किशोरावस्था में शुरू हुआ मॉडलिंग का सफर अब मुकाम की ओर बढ़ चला है। गाइडेंस की कमी को दरकिनार कर युवाओं ने एक मिसाल कायम की है। अब वह अच्छी कमाई कर रहे है। इस क्षेत्र में कामयाब युवाओं का कहना है कि सबसे पहले अपने ऊपर काम करें। इस क्षेत्र में बेहतर कम्युनिकेशन स्किल और फिटनेस बेहद जरूरी है। आज के अंक में कुछ ऐसे ही युवाओं के बारे में आपको बता रहे हैं।
पगड़ी पहनकर रैंप वॉक करने में होगी है गर्व की अनुभूति
मॉडल टाउन निवासी परमीत को कई वर्षों से दिल्ली व मुंबई से मॉडलिंग असाइनमेंट मिल रहे हैं। उन्होंने बताया कि किशोरावस्था में ही कॅरिअर की शुरुआत की थी। बीच में पारिवारिक परिस्थितियां बाधक बनीं, लेकिन इरादे से डिगा नहीं। आज पगड़ी पहनकर रैंप वाॅक करने में गर्व की अनुभूति होती है।
नृत्य से शुरू सफर को मॉडलिंग के क्षेत्र में मिली मंजिल
मढ़ीनाथ की वर्षा ने बताया कि वर्ष 2014 में नृत्य के साथ सफर की शुरुआत की थी। इरादा मॉडलिंग का था तो ऑडिशन देने शुरू किए। सबसे बड़ा ब्रेक मुक्केबाज फिल्म में एक रोल के रूप में मिला। वर्ष 2021 में मिस इंटरनेशनल बनीं। वर्ष 2024 में कलर्स के सीरियल में एंकरिंग की।
बिना गाइड के आठ साल किया सफर, मिली कामयाबी
आठ वर्ष पहले मॉडलिंग शुरू करने वाली ईशा सूरी वर्तमान में दिल्ली, एनसीआर में असाइनमेंट कर रही हैं। उन्होंने बताया कि शुरुआत में कोई गाइड करने वाला नहीं था। परिवार को भी यह काम पसंद नहीं था। चुनौतियों के बीच कामयाबी पाई। अब वह दूसरों को प्रशिक्षित कर रही हैं। संवाद