हड्डी बनाने वाले कोशिकाओं के कैंसर ‘ऑस्टियोजेनिक सर्कोमा’ से पीड़ित बच्ची चाहत के इलाज के लिए अमर उजाला फाउंडेशन ने मदद का हाथ बढ़ाया है। मुंबई के अस्पताल में बच्ची को कृत्रिम पैर लगवाने और कीमियोथेरेपी के लिए करीब 78 हजार रुपये का चेक प्रदान किया गया है। चेक मिलने पर परिजन ने अमर उजाला फाउंडेशन का आभार जताया है।
फरीदपुर के गांव शिवराजपुर के रहने वाले नीलेश मिश्र की बेटी चाहत साइकिल सीखने के दौरान गिर गई थी। कई चिकित्सकों से इलाज कराने के बावजूद फायदा न होने पर साल 2020 में दिल्ली के एक निजी अस्पताल परिजन पहुंचे। जांच में इस बीमारी का पता चलने के बाद उन्हें मुंबई के टाटा मेमोरियल अस्पताल रेफर कर दिया गया।
पिछले साल संक्रमण अधिक होने पर चाहत का बायां पैर काटना पड़ा था। कृत्रिम पैर लगवाने और 12 कीमियोथेरेपी के लिए परिवार के पास पर्याप्त धनराशि न होने पर उन्होंने मदद की गुहार लगाई थी। निकट संबंधी, समाजसेवी संगठनों ने मदद की फिर भी इलाज के लिए और रुपयों की जरूरत थी। इसकी जानकारी मिलने पर अमर उजाला फाउंडेशन ने पर्याप्त इलाज के लिए 78 हजार रुपये का चेक प्रदान किया है।