बरेली। विधान परिषद सदस्यों की समिति की समीक्षा बैठक से जिला पंचायत शाहजहांपुर के अपर मुख्य अधिकारी (एएमए) संतोष कुमार सिंह और आवास विकास परिषद के मुख्य अभियंता राजेंद्रनाथ गैरहाजिर रहे। दोनों को लखनऊ तलब किया गया है।
बैठक में मौजूद उनके प्रतिनिधियों ने क्रमवार लखनऊ शासन में और हाईकोर्ट जाने की जानकारी दी, पर रविवार होने की वजह से उनकी ये बहानेबाजी टिक न सकी। सदस्य जयपाल सिंह व्यस्त ने सवाल-जवाब शुरू किया तो प्रतिनिधि बनकर आए दोनों अधिकारी चुप्पी साध गए।
विकास प्राधिकरण, आवास विकास परिषद, जिला पंचायत और निगम में व्याप्त अनियमितताओं पर अंकुश लगाने के लिए बनाई गई विधान परिषद सदस्यों की समिति के सभापति बृजेश कुमार सिंह की अध्यक्षता में विकास भवन के सभागार में हुई बैठक में रामगंगानगर परियोजना के कार्यों की जांच से जुड़ा एक मामला आया।
बीडीए उपाध्यक्ष मनिकंडन ए ने अब तक की कार्रवाई की जानकारी दी। समिति ने अधिकारियों के साथ मौजूदा स्थिति और भविष्य की योजनाओं को समझा।
अमरोहा-मुरादाबाद के एमएलसी हरि सिंह ढिल्लो ने कहा कि बरेली में जिला पंचायत आठ और नगर निगम तीन इंटर कॉलेजों का संचालन कर रहा है। इनके भवन की स्थिति ठीक रहे। पानी और शौचालय आदि की दिक्कत न आए।
बरेली और शाहजहांपुर के अपर मुख्य अधिकारी और नगर आयुक्त को चाहिए कि जिला विद्यालय निरीक्षक के साथ समन्वय स्थापित कर व्यवस्था दुरुस्त रखें। बैठक में एमएलसी रविशंकर सिंह पप्पू, बहोरन लाल मौर्य भी मौजूद रहे। ब्यूरो