नौ सभासदों की शिकायत पर नगर विकास मंत्री ने लिया संज्ञान
फतेहगंज पश्चिमी। विकास कार्यों में गड़बड़ी का आरोप लगाते हुए नौ सभासदों की ओर से मुख्यमंत्री से की गई शिकायत का नगर विकास मंत्री सुरेश खन्ना ने संज्ञान लिया है। उन्होंने अफसरों को जांच कराकर कार्रवाई करने के निर्देश दिए हैं। इस संबंध में एक पत्र शिकायत करने वाले सभासदों को भी भेजा गया है।
15 वार्डों वाली नगर पंचायत के नौ सभासदों अबोध कुमार सिंह, तसलीम, वसीम अहमद, कृपाल सिंह, सोनतारा, कुमारी गीता, नसरीन, बशीर अहमद, सतीश चन्द्र ने मुख्यमंत्री से शिकायत करके चेयरमैन पर मनमानी का आरोप लगाया था। सभासदों का कहना था कि उनके दिए प्रस्तावों और जनता की समस्याओं पर ध्यान न देकर नगर पंचायत अध्यक्ष अपनी मर्जी से निधि का प्रयोग करती हैं। उनके करीबी कार्यालय में बैठकर कर्मचारियों पर रौब दिखाते हैं।
टेंडर में लाखों रुपये की गड़बड़ी का आरोप
सभासदों ने कहा कि नगर पंचायत क्षेत्र में सड़क, नाली और सफाई व्यवस्था चौपट है। धरातल पर कोई कार्य नहीं दिखा रहा है, जबकि विकास निधि निकालकर खर्च की जा रही है। नगर पंचायत के खरीद टेंडर में भी लाखों की हेराफेरी की गई है। नगर क्षेत्र में लगाए गए वाटर कूलर और लाइटें एक वर्ष से खराब पड़ी हैं। संवाद