बरेली। जंक्शन पर यात्रियों को खाने-पीने का सामान बेचने वाले वेंडर्स और आरपीएफ इंस्पेक्टर विनीता कुमार के बीच लाइसेंसधारी वेंडर्स के खिलाफ कार्रवाई और उनसे पांच-पांच हजार रुपये वसूली का मामला तूल पकड़ने लगा है। वेंडर्स एसोसिएशन के अध्यक्ष राजकुमार ने इस संबंध में शिकायत स्टेशन अधीक्षक और मुख्य वाणिज्य निरीक्षक से की है। इधर, इंस्पेक्टर ने आरोपों को गलत बताते हुए कहा है कि जो भी कार्रवाई की जा रही है वह नियमानुसार है।
वेंडर्स एसोसिएशन का आरोप है कि आरपीएफ उत्पीड़न कर रही है। परमिट व लाइसेंस होने के बाद भी वेंडर्स के खिलाफ रेलवे एक्ट की धारा 144 व 147 के तहत कार्रवाई की जा रही है। पकड़ने के बाद वेंडर्स को पांच हजार रुपये लेकर छोड़ा जा रहा है।
एसोसिएशन अध्यक्ष का कहना है कि वेंडर मालिक राम शनिवार रात को जंक्शन पर खाने-पीने का सामान बेच रहे थे। रेल लाइन पार करते समय आरपीएफ के एक एसआई ने उनको पकड़ लिया। मालिक राम के पास वैध लाइसेंस और परमिट होने के बाद भी उनके खिलाफ कार्रवाई कर दी गई।
थाने में बैठा लिया गया। बाद में पांच हजार रुपये लेकर छोड़ा। इससे पहले भी वैध वेंडर्स के खिलाफ इसी तरह कार्रवाई कर उनका उत्पीड़न किया जा चुका है। इसी तरह चलता रहा तो वेंडर्स लाइसेंस सरेंडर करने के लिए मजबूर होंगे। संवाद
एक महिला कर्मचारी का पति करता है वसूली
वेंडर्स का आरोप है कि जंक्शन पर वैध और अवैध वेंडरों से आरपीएफ की एक महिला कर्मचारी का पति वसूली करता है। पिछले सप्ताह रात में वसूली के दौरान कुछ वेंडरों ने महिला कर्मचारी के पति को जंक्शन पर पीट दिया था। मामला रेलवे का ही होने के कारण इसे रफा-दफा कर दिया गया। इसके बाद से आरपीएफ ने वेंडर्स के खिलाफ सख्ती बढ़ा दी है। इसको लेकर सवाल उठ रहे हैं।
वेंडर के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की गई है। वह लाइन पार करके खिड़की की ओर से खाद्य वस्तुएं बेच रहा था। इसका वीडियो भी है। जमानत पर थाने से छोड़ने का अधिकार एसआई का नहीं है। जुर्माना वसूल करने का काम कोर्ट का है। वेंडर ने पांच हजार रुपये किसको दिये? वेंडर लिखित शिकायत करे तो जांच कराई जाएगी। - विनीता कुमार, इंस्पेक्टर आरपीएफ
-
वेंडर एसोसिएशन ने शिकायत की है कि आरपीएफ लाइसेंस और परमिटधारी वेंडरों के खिलाफ भी मनमाने ढंग से कार्रवाई कर रही है। जुर्माने के नाम पर उनसे पांच-पांच हजार वसूले जा रहे हैं। शिकायत के आधार पर इस संबंध में सीनियर डीसीएम और आरपीएफ के सीनियर कमांडेंट मुरादाबाद को लिखा जा रहा है।- इमरान, मुख्य वाणिज्य निरीक्षक