आंवला। कस्बे के एक अल्ट्रासाउंड सेंटर के संचालक ने वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक से न्याय की गुहार लगाई है। उन्होंने शिकायतों के नाम पर अवैध वसूली, रंगदारी और ब्लैकमेलिंग का आरोप लगाया है। रिपोर्ट दर्ज कर कार्रवाई की मांग की है। शिकायतकर्ता तरुण कुमार ने बताया कि उनका पंजीकृत अल्ट्रासाउंड सेंटर सरकारी अस्पताल के पास है। वे पिछले चार-पांच साल से विभागीय नियमानुसार व्यवसाय कर रहे हैं।
आरोप है कि एक यूट्यूबर व उसके सहयोगियों ने विभिन्न व्यक्तियों से शिकायतें करवाईं। इन शिकायतों का समाधान कराने व कार्रवाई का भय दिखाकर दबाव बनाया गया। अब तक उनसे दो लाख रुपये की वसूली की जा चुकी है। लगातार शिकायतों से वे गहरे मानसिक तनाव में आ गए हैं। छवि धूमिल करने की कोशिश की जा रही है। आरोपी बड़े नामों, पुलिस, होमगार्ड और बड़ी सुरक्षा व्यवस्था का रौब दिखाकर डराता है। सीओ हेमंत उपाध्याय ने बताया कि शिकायती पत्र की जांच कर कार्रवाई की जाएगी।