नवाबगंज। लोक निर्माण विभाग की ओर से कराए जा रहे सड़क निर्माण में ठेकेदार पर गड़बड़ी करने का आरोप लगाया गया है। कोलतार में घटिया चीज मिलाकर सड़क निर्माण में प्रयोग किया जा रहा है। इससे सड़क बनने के साथ ही उखड़ रही है। इससे नाराज ग्रामीणों ने मुख्यमंत्री को शिकायती पत्र भेज कार्रवाई की मांग की है।
तहसील नवाबगंज के लाईखेड़ा- पिपरा निगाही मार्ग पर 1300 मीटर लंबी सड़क पर लगभग नौ लाख रुपये की लागत से मरम्मत का कार्य चल रहा है। यह निर्माण कार्य लोक निर्माण विभाग की ओर से कराया जा रहा है। ग्रामीणों का आरोप है किरात के अंधेरे में सड़क का निर्माण कराया जा रहा है। पुरानी सड़क से मिट्टी साफ न कराकर उसके ऊपर ही कोलतार में मोबी आयल मिलाकर डाला जा रहा है।
सड़क निर्माण में बजरी और रेत भी कम मात्रा में लगाया जा रहा है। इससे नाराज अधिवक्ता उपेंद्र गंगवार, अमित, विजयपाल, राम कैलाश, अतुल, प्रदीप, कमलेश, सत्यप्रकाश आदि ने मुख्यमंत्री को शिकायती पत्र भेजा है। इस संबंध में विधायक डा. एमपी आर्य ने जांच कराने की बात कही है। जेई राजेश कुमार ने बताया कि सड़क का निर्माण मानक के अनुसार कराया जा रहा है। ग्रामीणों के आरोप निराधार है। संवाद