आंवला। संपूर्ण समाधान दिवस में शनिवार को किदौना गांव के ग्रामीणों ने गांव में होने वाले विकास कार्यों में घपलेबाजी का आरोप लगाते हुए शिकायत दर्ज कराई। कहा कि घटिया निर्माण सामग्री का प्रयोग होने से निर्माण कार्य समय से पहले ही जर्जर हो जाएगा। उन्होंने मामले की जांच कराने की मांग की।
एसडीएम गोविंद मौर्य की अध्यक्षता में आयोजित संपूर्ण समाधान दिवस में 43 फरियादी शिकायत लेकर पहुंचे। इनमें से सात का ही मौके पर निस्तारण हो सका। भाकियू (शंकर गुट) के जिलाध्यक्ष प्रताप सिंह के नेतृत्व में पहुंचे कार्यकर्ताओं ने विभिन्न समस्याओं को लेकर पांच सूत्रीय ज्ञापन सौंपा।
यहां पहुंचे अधिवक्ताओं ने बताया कि कानूनगो को जब सुविधा शुल्क नहीं मिला तो उन्होंने अधिवक्ता राकेश शर्मा के पिता की मौत के बाद विरासत के आवेदन पर आपत्ति लगाकर फाइल को विवादित दर्शाकर कोर्ट में भेज दिया। इस दौरान सीओ नीलेश मिश्र, तहसीलदार अर्चि गुप्ता आदि मौजूद रहीं।
-
जमीन कब्जाने वालों पर करें कार्रवाई
फरीदपुर। तहसील सभागार में शनिवार को आयोजित संपूर्ण समाधान दिवस में एडीएम प्रशासन दिनेश कुमार मिश्र व एसपी ग्रामीण मुकेश कुमार मिश्रा ने शिकायतें सुनीं। यहां कुल 41 प्रकरण आएं, इनमें से पांच का ही निस्तारण हुआ। एडीएम प्रशासन ने जमीन पर कब्जे की शिकायतों का जल्द निस्तारण करने के लिए कहा। कहा कि जहां-जहां सरकारी जमीनें कब्जाई गईं हैं, वहां अभियान चलाकर जमीनें कब्जामुक्त कराई जाएं। संवाद
-
एसडीएम और तहसीलदार ने सुनीं शिकायतें
मीरगंज। तहसील सभागार में शनिवार को एसडीएम देशदीपक सिंह और तहसीलदार भानुप्रताप सिंह की अध्यक्षता में संपूर्ण समाधान दिवस संपन्न हुआ। यहां कुल 33 शिकायतें पंजीकृत हुईं। इनमें पुलिस की 12, विकास से संबंधित सात, आपूर्ति की छह, वन की दो और बिजली निगम की दो शिकायतें थीं। इनमें से सिर्फ एक शिकायत का ही मौके पर निस्तारण हुआ। संवाद
टीकाकरण के नाम पर हो रही वसूली
बहेड़ी। संपूर्ण समाधान दिवस में शनिवार को टीकाकरण के नाम पर वसूली का मुद्दा उठा। भाजपा पदाधिकारी संदीप सिंह ने शिकायतीपत्र देकर बताया कि सीएचसी पर बने टीकाकरण केंद्र पर तैनात एएनएम बच्चों को टीका लगाने के बदले 100-100 रुपये लेती हैं। यही नहीं सीएचसी पर आने वाली वैक्सीन प्राइवेट अस्पतालों तक ले जाई जाती है। एसडीएम ने सीएचसी प्रभारी अजमेर सिंह को मामले में जांच करके कार्रवाई के निर्देश दिए हैं। टांडा मीननगर गांव के ग्रामीणों ने गांव में बने पीएचसी पर एएनएम के न आने की शिकायत दर्ज कराई। यहां कुल 82 शिकायतें आईं। संवाद