नबावगंज। थाने की जमीन कब्जाने वालों पर रिपोर्ट दर्ज कराई जाएगी। इसके साथ ही अभियान चलाकर जमीन भी कब्जामुक्त कराई जाएगी। यह निर्देश शनिवार को तहसील सभागार में आयोजित संपूर्ण समाधान दिवस में पहुंचे डीएम रविंद्र कुमार ने दिए। यहां कुल 154 शिकायतें आईं, इनमें से 13 का ही मौके पर निस्तारण हो सका।
डीएम रविंद्र कुमार और एसएसपी घुले सुशील चंद्रभान करीब 11 बजे यहां पहुंचे। डीएम के कुर्सी संभालते ही खिजरपुर गांव के सलीम, रिहान, अशफाक, यासीन खां आदि ने शिकायती पत्र देकर गांव के ही युवक पर दुबई में नौकरी लगवाने का झांसा देकर प्रत्येक से 1.20 लाख रुपये ठगने का आरोप लगाया। इस पर डीएम ने कोतवाल को आरोपी के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराने के निर्देश दिए।
इसके बाद डीएम के सामने विशनपुर गांव में थाने की जमीन कब्जाने का मामला उठा। शिकायतीपत्र लेकर पहुंचे पुष्पेंद्र गंगवार ने कहा कि जब पुलिस की जमीन ही सुरक्षित नहीं है तो आम लोगों को सुरक्षा का भरोसा कैसे मिलेगा। इस पर डीएम ने एसडीएम और सीओ को कब्जा करने वाले के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर भूमि को कब्जामुक्त कराने के निर्देश दिए।
राममोहन गंगवार ने हरदुआ किफायतुल्ला में एक काॅलोनाइजर पर नाला कब्जाने का आरोप लगाया। वहीं, चुनुआं गांव के मेवाराम और पडरी समीप बरौर गांव के सुरेंद्र पाल ने चकमार्ग कब्जाने की शिकायत की। दोनों शिकायतों पर भी डीएम ने रिपोर्ट दर्ज कराने के निर्देश दिए हैं।
-
सीएचसी में रखें साफ-सफाई : डीएम
नवाबगंज। संपूर्ण समाधान दिवस से डीएम और सीएमओ नवाबगंज सीएचसी पहुंचे। यहां साफ-सफाई की व्यवस्था खराब मिलने पर उन्होंने सफाई रखने के लिए कहा। आशा कार्यकर्ताओं की शिकायतें सुनीं। डीएम ने ओपीडी, प्रसूता कक्ष, औषधि भंडार, ऑपरेशन कक्ष आदि का निरीक्षण किया। इस दौरान चिकित्सा अधीक्षक डॉ. गौरव शर्मा, डॉ. प्रदीप यादव, स्वास्थ शिक्षा अधिकारी विनोद यादव आदि साथ रहे। संवाद