आंवला। नगर पालिका क्षेत्र में प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत पात्रों से 30 से 50 हजार रुपये तक की अवैध वसूली करने और अपात्रों को लाभ देने का मामला सामने आया है। शिकायत मुख्यमंत्री से की गई है। नगर पालिका के कर्मचारियों व सभासद पर ही आरोप है।
मोहल्ला गंज प्रीतम राय निवासी आनंदी देवी ने मुख्यमंत्री पोर्टल पर दर्ज कराई शिकायत में आरोप लगाया कि पीएम आवास योजना की पात्र सूची में नाम आने के बाद सर्वे करने आए पालिका के दो कर्मचारियों ने उनसे धनराशि आवंटित कराने के लिए 50 हजार रुपये की मांग की। उस समय उन्होंने एक हजार रुपये दे दिए। शेष पहली किस्त आने के बाद देने की बात हुई।
किस्त न आने पर जब कर्मचारियों से पूछा तो सही जानकारी नहीं मिली। मामले में एसडीएम विदुषी सिंह ने नगर पालिका के ईओ को मौके पर जाकर स्थलीय जांच करने के निर्देश दिए है।वहीं, मोहल्ला घेर अन्नू खां निवासी शब्बू नियाजी ने पालिका कर्मचारियों व एक सभासद पर वसूली का आरोप लगाकर शिकायत मुख्यमंत्री से की है।
बताया कि उनके वार्ड के सभासद ने मकान के मालिकाना हक के नकली प्रपत्र तैयार कराकर पिछले साल पीएम योजना का लाभ लिया। जबकि इसी मकान पर उसके दिवंगत पिता ने भी दो साल पहले पीएम आवास के लिए रुपये लिए थे। इतना ही नहीं सभासद ने इसी मकान पर अपने सगे भाई को भी योजना का लाभ दिलाया है।