भोजीपुरा। दहेज में 50 हजार रुपये व बाइक न देने पर विवाहिता को तीन तलाक देकर घर से निकाल दिया गया। हद तो तब हो गई जब पीड़िता ने मेहनत-मजदूरी कर अपना गुजारा करने के लिए 20 हजार रुपये जमा किए, तो पति ने वह पैसे भी छीन लिए और दोबारा घर से बेदखल कर दिया। पीड़िता की तहरीर पर पुलिस ने पति समेत पांच के खिलाफ मामला दर्ज किया है।
गांव पीपलसाना चौधरी निवासी एक विवाहिता ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि उसका निकाह छह वर्ष पूर्व उसी गांव के सलीम के साथ हुआ था। निकाह के बाद से ही पति सलीम, ससुर नसरुद्दीन, सास भूरी, जेठ तसलीम और भूरा आदि मारपीट करते थे। इस बीच उसने एक पुत्री और पुत्र मो. वारिस को जन्म दिया, लेकिन ससुराल वालों ने न तो उसकी देखभाल की और न ही बीमारी में इलाज कराया।
पीड़िता के अनुसार, करीब आठ माह पहले मारपीट की गई। पति ने तीन तलाक देकर निकाल दिया। प्रभारी निरीक्षक राजीव कुमार सिंह ने बताया कि पीड़िता की शिकायत पर आरोपी पति सलीम, ससुर नसरुद्दीन, सास भूरी, जेठ तसलीम और भूरा के खिलाफ संबंधित धाराओं में मामला दर्ज किया गया है। संवाद