कानपुर में सीओ समेत आठ पुलिसकर्मियों की दबिश के दौरान शहादत के मामले में अलर्ट जारी किया गया है। पुलिसकर्मियों में घटना को लेकर गुस्सा है। कोई इसे सिस्टम का फाल्ट तो कोई अपने ही किसी भेदिया की कारगुजारी बता रहा है। विकास दुबे के बरेली आने की आशंका में शाहजहांपुर सीमा पर खास चेकिंग के निर्देश दिए हैं। एडीजी ने सभी जिलों से दबिश के दौरान पुलिस पर हमले की घटनाओं का ब्योरा मांगा है। टॉप टेन अपराधी भी रडार पर ले गए हैं।
शहादत व्यर्थ नहीं जाएगी, भेदियों पर भी शिकंजा कसेगी पुलिस: एडीजी
कानपुर में पुलिसकर्मियों की शहादत व्यर्थ नहीं जाएगी। हत्यारों को अधिकतम सजा दिलाने के लिए पुलिस काम करेगी। इस घटना से सबक लेकर कई काम किए जाएंगे। इनमें पुलिस टीम पर पहले हो चुके हमलों और आक्रामक तेवर वाले अपराधियों का डाटा निकलवाया जा रहा है। दबिश पर जाने से पहले पुलिस टीम उस आरोपी की क्षमता का भी आंकलन करेगी। पुलिस के अंदर और बाहर अगर कोई भेदिया है तो ऐसे लोगों को भी चिह्नित किया जाएगा।
पुलिस पर हमला करने वाले बचेंगे नहीं: डीआईजी
कानपुर की घटना दुर्भाग्यपूर्ण है। बरेली रेंज में भी पुलिस टीम पर पहले हमले कर चुके अपराधियों की मौजूदा स्थिति की समीक्षा कर धरपकड़ की जाएगी। ऐसे लोगों को संरक्षण देने वाले भी चिह्नित किए जाएंगे। पुलिस अपराधियों को जेल पहुंचाने का हरसंभव जतन करेगी। फिलहाल विकास दुबे की गिरफ्तारी में कानपुर पुलिस और एजेंसियां लगी हैं।
कानपुर मुठभेड़ मामले में जातिगत टिप्पणी की, एकाउंट बंद
कानपुर में हिस्ट्रीशीटर विकास दुबे और पुलिस के बीच हुई मुठभेड़ को लेकर बरेली के एक व्यक्ति ने एक जाति विशेष को लेकर आपत्तिजनक टिप्पणी कर दी। टिप्पणी करने वाला व्यक्ति शहर के एक राजनीतिक दल से भी जुड़ा हुआ है। इसकी शिकायत पुलिस से ट्विटर पर की गई। शिकायत के बाद साइबर सेल को जांच का आदेश दिया गया है। वहीं व्यक्ति का फेसबुक एकाउंट भी बंद करा दिया गया है।
हिस्ट्रीशीटर बताकर सीएम योगी के साथ वायरल की तस्वीर
शहर में पढ़ने वाले एक युवक ने कानपुर मुठभेड़ मामले में पुलिस पर हमला करने वाले विकास दुबे की जगह एक अन्य भाजपा नेता का फोटो वायरल कर दिया। इस फोटो में कानपुर निवासी भाजपा नेता मुख्यमंत्री के साथ मौजूद हैं। उनका नाम भी विकास दुबे है। हालांकि कानपुर के रहने वाले भाजपा नेता विकास दुबे ने वीडियो जारी कर सफाई दी की मुठभेड़ में शामिल विकास दुबे से उनका कोई संबंध नहीं है, लेकिन लोगों ने उनके फोटो वायरल कर दिए हैं। फोटो वायरल करने वाले युवक की शिकायत ट्विटर के माध्यम से बरेली पुलिस से की गई है।
सपाइयों ने शहीद चौक पर किया शहादत को नमन
कानपुर की घटना में शहीद पुलिस कर्मियों को सपा नेताओं ने राजेंद्रनगर स्थित शहीद चौक पर मोमबत्तियां जलाकर श्रद्धांजलि अर्पित की और उनकी शहादत को नमन किया। इस मौके पर जिलाध्यक्ष अगम मौर्य, शमीम खां सुल्तानी, सतेंद्र यादव, कदीर अहमद, रविंद्र यादव, आदेश यादव आदि मौजूद रहे।